Edited By ,Updated: 24 Apr, 2021 04:04 AM

देश के वर्तमान हालातों को देख कर प्रतीत होता है कि जैसे सत्ता भोग रहे लोगों के अंदर का मानव मर चुका है क्योंकि मृत व्यक्ति में हिलजुल, संवेदना, व्याकुलता, मोह या तरस इत्यादि कोई चीज नहीं रहती। कोरोना महामारी के दौर में आम लोग अस्पतालों में बैडों,...
देश के वर्तमान हालातों को देख कर प्रतीत होता है कि जैसे सत्ता भोग रहे लोगों के अंदर का मानव मर चुका है क्योंकि मृत व्यक्ति में हिलजुल, संवेदना, व्याकुलता, मोह या तरस इत्यादि कोई चीज नहीं रहती। कोरोना महामारी के दौर में आम लोग अस्पतालों में बैडों, ऑक्सीजन तथा वैंटीलेटर की उपलब्धता न होने के कारण रोजाना ही सैंकड़ों की तादाद में दम तोड़ रहे हैं। टीकों, दवाइयों तथा स्वास्थ्य उपकरणों की कालाबाजारी हो रही है और पीड़ित मरीज इनकी कमी से परेशान होकर दुनिया से रुख्सत हो रहे हैं। कई स्थानों पर मजबूरन कुछ लोगों द्वारा ऑक्सीजन के सिलैंडर लूटे जा रहे हैं ताकि उनके मरीजों की जान बच सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को निभाने वाले डाक्टर, नर्सें तथा अन्य कर्मियों की कमी है और वे लोग खतरे को उठा कर अपना फर्ज निभा रहे हैं। ऐसे लोग स्थायी नौकरी के स्थान पर अस्थायी तौर पर बहुत ही कम वेतन लेकर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में रिक्त पड़े पदों को भरा नहीं जा रहा ऐसी नाजुक घड़ी में इनमें बढ़ौतरी करना तो दूर की बात है। अनेकों अस्पतालों की स्थिति भी तसल्लीबख्श नहीं है। गंभीर मरीज जमीन पर लेट कर मौत के इंतजार में टिकटिकी लगाए बैठे हैं। बैडों की कमी के कारण एक बैड पर 2-2 मरीज भी गुजारा कर रहे हैं। मृत बच्चे को एम्बुलैंस की कमी के कारण आटो रिक्शा पर ले जा रही मां का रोना देखा नहीं जाता।
तालाबंदी के कारण बिना किसी सरकारी सहायता के घरों में बैठे बेकार श्रमिक या तो आधे पेट बैठे हैं या कपड़ों की गठरी बांध कर उसे सिर पर रख कर अपने गांवों को जाने के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर धक्के खा रहे हैं। कमाल की बात यह है कि केंद्र की मोदी सरकार पूरा वर्ष दुनिया भर को यह बताने के लिए व्यस्त रही कि भारत ने कोरोना पर काबू पा लिया है और हम दूसरे जरूरतमंद पड़ोसी मुल्कों की मदद कर रहे हैं।
ऐसे खाली दावे कर देश के शासक विधानसभा चुनावों के दौरान लाखों लोगों की रैलियां करके बागो-बाग हो रहे थे जिन्होंने न तो मुंह पर मास्क लगाए हुए थे और न ही 6 फुट का फासला रखा हुआ था। मंच से जब नेता जी बाजुओं को चढ़ा कर अपने प्रशंसकों के झुंड में बिना मास्क के भाषण झाड़ रहे हों तो बेचारे लोगों को बचाव करने की क्या जरूरत है?
कुंभ के मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ में कितने लोग कोरोना वायरस की मार के नीचे आ गए हैं। इसका पूरा अंदाजा अगले कुछ दिनों में लग सकेगा। दूसरी ओर श्मशानघाटों में जलती हुई दर्जनों चिताओं की लपटें नजर आती हैं और बाकी के लोग इस कार्य को पूरा करने के लिए लम्बी कतार में इंतजार करते नजर आ रहे हैं। वास्तविकता यह है कि देश के शासक पूरा जोर चुनाव प्रचार पर लगा रहे हैं और सत्ता पर कब्जा करने के झूठे आंकड़ों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को गिनवा रहे हैं।
हमारी सरकार पब्लिक सैक्टर को बेचकर सारा कुछ निजी हाथों में देने के लिए बहुत तेजी से कार्य कर रही है। एक वर्ष पूर्व जब इस कोरोना महामारी ने तेजी पकड़ी थी, यदि तभी सरकारी अस्पतालों की दशा सुधारने, दवाइयों, बैडों, वैंटीलेटर्स और ऑक्सीजन जैसी बुनियादी चीजों का इंतजाम करने के ऊपर ध्यान दिया होता तो आज लोगों को इस संकटकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। स्वास्थ्य सेवाएं निभा रहे स्टाफ की अस्थायी नौकरियों को स्थायी किया जाए और उनके वेतन तथा दूसरे भत्ते दिए जाएं ताकि वह मरीजों को श्रद्धा-भावना से सेहत सेवाएं मुहैया करवाएं।
प्राइवेट अस्पतालों ने इस महामारी के दौरान खूब धन बटोरा है। अरबों रुपए आम लोगों की जेबों में से निकाल कर अपने खातों में डाल लिए हैं। जब कोरोना मरीजों की गिनती बढऩे से स्थिति और भी नाजुक होने लगती है तो उस समय बहुत सारे प्राइवेट अस्पतालों के मालिक बड़े-बड़े ताले लगाकर भाग खड़े होते हैं। महामारियों का मुकाबला करने तथा लोगों के लिए अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए टी.वी. के भाषण तथा झूठे दावे काम नहीं करते और न ही झूठा प्रचार काम आता है। ऐसी सहूलियतें आपदा के मौके पर रातों-रात पैदा भी नहीं की जा सकतीं। इसलिए लम्बे समय की योजनाबंदी तथा वित्तीय स्रोतों का प्रबंधन करना होता है।
वार्षिक बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के ऊपर मात्र एक प्रतिशत खर्चा ‘थालियां बजाने’, ‘मोमबत्तियां जगाने’ तथा ‘कोरोना पर्व’ मनाने जैसे हास्यास्पद मंसूबों के लिए शायद पर्याप्त न हो। टी.वी. तथा पिं्रट मीडिया में सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा कर लोगों की मुश्किलों का हल निकालने और अपनी कमजोरियों को सांझा कर मुसीबतों पर काबू पाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाए। इसके साथ-साथ विरोधी दलों की आलोचना करने के लिए नए-नए मुहावरे और टोटके ढूंढने के स्थान पर उन्हें संयुक्त कार्रवाई में शामिल करें। तभी समझा जा सकता है कि सरकार को लोगों की जानों की कोई ङ्क्षचता है। मगर यहां तो सब कुछ राम भरोसे है।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय और राज्य सरकारों ने कुछ भी नहीं किया। अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए केंद्र सरकार को पर्याप्त साधनों का इंतजाम करना होगा और इसके निजीकरण के स्थान पर इसको सरकारी नियंत्रण तथा जिम्मेदारी के अंतर्गत चुस्त-दुरुस्त करने की जरूरत है नहीं तो जिस तरह की स्थिति आज मौजूद है, आने वाले दिनों में जब कोरोना विस्फोट और भयंकर रूप धारण कर सकता है तब उस समय हमारे लोगों का क्या हाल होगा? उसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। लोगों के चुप रहने की कोई सीमा होती है जिसको परखा नहीं जाना चाहिए।
-मंगत राम पासला