‘पहाड़ चढ़ने के लिए ही होते हैं’

Edited By Updated: 22 Nov, 2026 03:49 AM

mountains are meant to be climbed

मैं 2 रिपोर्टों के बीच झूल रहा हूं-एक दिल्ली से और दूसरी व्यापक रूप से जमीनी स्तर से। ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लगातार हुए विरोध प्रदर्शनों और एस.आई.आर. के प्रति सुप्रीम कोर्ट के रुख में आए सूक्ष्म बदलाव की बदौलत, भारत के निर्वाचन आयोग (ई.सी.आई.) ने उन...

मैं 2 रिपोर्टों के बीच झूल रहा हूं-एक दिल्ली से और दूसरी व्यापक रूप से जमीनी स्तर से। ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लगातार हुए विरोध प्रदर्शनों और एस.आई.आर. के प्रति सुप्रीम कोर्ट के रुख में आए सूक्ष्म बदलाव की बदौलत, भारत के निर्वाचन आयोग (ई.सी.आई.) ने उन कुछ घोर ज्यादतियों को वापस लेने का फैसला किया, जिन्होंने 13,30,00,000 नागरिकों को उनके मताधिकार से वंचित कर दिया था। अंतिम रूप से देखने वाली संख्या हर राज्य की वयस्क आबादी के अनुपात में मतदाताओं की संख्या है। यह अनुपात 100 प्रतिशत के जितना करीब होगा, मतदाता सूचियां उतनी ही त्रुटिहीन होंगी। दूसरी रिपोर्ट यह है कि अंतिम मतदाता सूचियां चाहे कितनी भी दोषपूर्ण क्यों न हों, लोग मन ही मन कोसते हुए भी वोट डालेंगे।

अब यह खबर आ रही है कि बाहर किए गए कई मतदाता (मृतकों को छोड़कर) फॉर्म 6 या फॉर्म 8 के जरिए या ‘गणना फॉर्म’ के माध्यम से या वादा किए गए घर-घर जाकर किए जाने वाले दौरों और विशेष शिविरों के जरिए मतदाता सूचियों में वापस अपनी जगह बना लेंगे। यह पश्चाताप है या और अधिक विरोध प्रदर्शनों का डर, यह तो वक्त ही बताएगा। जाहिर तौर पर, भाजपा का मानना है कि ‘पुन: नामांकन’ के साथ, 2029 तक ‘वोट चोरी’ का असर खत्म हो जाएगा।

2024 में, जिस मुद्दे ने लोगों के मन में डर पैदा किया था, वह था ‘संविधान खतरे में है’। इसके अलावा राज्य-विशिष्ट अन्य मुद्दे भी थे, जैसे भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, मजदूरी/कृषि आय, सड़कों या पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी, अपराध में वृद्धि आदि। इन मुद्दों ने भाजपा को चोट तो पहुंचाई लेकिन उसे सत्ता से बेदखल नहीं कर सके। भाजपा 240 सीटों के साथ पहले नंबर पर उभरी, जबकि कांग्रेस 100 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। गठबंधन बनने के बाद, एन.डी.ए. के पास 293 सीटें थीं और ‘इंडिया’ गठबंधन के पास 234 सीटें। ‘संविधान खतरे में है’ एक जरूरी अभियान विषय था, जिसने लोगों को ‘इंडिया’ गठबंधन के अभियान और सोशल मीडिया की ओर आकर्षित किया लेकिन यह पलड़ा इंडिया गठबंधन के पक्ष में झुकाने के लिए पर्याप्त नहीं था।

महंगाई और बेरोजगारी : नवम्बर 2026 में हुए अमरीकी मध्यावधि चुनावों में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। जोरदार ‘मागा’ अभियान का मुकाबला राष्ट्रपति ट्रम्प की असंवैधानिक ज्यादतियों को उजागर करने वाले उतने ही मुखर अभियान से किया गया। हालांकि, जिन 2 मुद्दों ने चुनावों का रुख मोड़ा, वे थे-वहनीयता और युद्ध। अधिकांश मतदाताओं को भोजन, ईंधन और आवास (मॉर्गेज) अपनी पहुंच से बाहर लगे और ईरान के खिलाफ अमरीका के अंतहीन युद्ध के परिणामस्वरूप गाजा (फिलिस्तीन) में हुई भारी संख्या में मौतों से भी वे हिल गए थे। अमरीकी लोगों को यह लगने लगा था कि युद्ध, होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने, अमरीकी टैरिफ और कीमतों में लगातार हो रही बढ़ौतरी के कारण उन्होंने भारी कष्ट झेला है और बदले में उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हुआ।

भारत में भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। खाद्य पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही हैं। थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यू.पी.आई.) मुद्रास्फीति 12.3 प्रतिशत है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सी.पी.आई.) मुद्रास्फीति आर.बी.आई. की ऊपरी सीमा को पार कर गई है और 6.1 प्रतिशत पर है। खाद्य मुद्रास्फीति 8.9 प्रतिशत है। ‘थाली परीक्षण’ बहुत कुछ बयां करता है-एक शाकाहारी थाली की कीमत 5 साल पहले के 30.80 रुपए से बढ़कर पिछले साल 36.80 रुपए और नवम्बर 2026 में 41.90 रुपए हो गई है। यह दिखाने के लिए पर्याप्त आंकड़े मौजूद हैं कि वास्तविक मजदूरी स्थिर रही है, घरेलू बचत में गिरावट आई है और घरेलू कर्ज बढ़ा है। ये सभी बातें तीव्र संकट की ओर इशारा करती हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शहरी बेरोजगारी दर 6.7 प्रतिशत और ग्रामीण बेरोजगारी दर 4.2 प्रतिशत है। ‘नियमित’ नौकरियां उपलब्ध नहीं हैं।
बुरी खबर यह है कि मुद्रास्फीति दर और बेरोजगारी दर के और भी बदतर होने की आशंका है क्योंकि ईरान में युद्ध अभी भी जारी है, होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी खुला नहीं है, तेल व्यापार अभी भी बाधित है और अमरीकी टैरिफ अभी भी लागू हैं। आर.बी.आई. नीतिगत दर को 5.50 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.75 या 6 प्रतिशत कर सकता है। बहुप्रचारित पी.एल.आई. योजनाओं के आंकड़े निराशाजनक हैं। सकल घरेलू उत्पाद (जी.डी.पी.) में ‘विनिर्माण’ की हिस्सेदारी 13-14 प्रतिशत पर अटकी हुई है (स्रोत : विश्व बैंक)। ये घटनाक्रम मुद्रास्फीति दर और बेरोजगारी दर को और बढ़ाएंगे।

संरचनात्मक चुनौतियां : भाजपा सरकार अर्थव्यवस्था के सामने मौजूद संरचनात्मक चुनौतियों को स्वीकार करने से इंकार करती है। ये संरचनात्मक मुद्दे हैं-राजकोषीय घाटा, व्यापार घाटा (विशेष रूप से चीन के साथ), निजी निवेश की कमी, सरकारी पूंजीगत व्यय में कमी और सुस्त कुल मांग। सरकार मुख्य जी.डी.पी. विकास दर के आंकड़ों, ‘विकसित भारत’ जैसे नारों (‘अच्छे दिन’ तो अब खिड़की से बाहर हो चुके हैं) और लग्जरी कारों, महंगे मोबाइल फोन और घडिय़ों के विज्ञापनों, महानगरों के उपनगरों में प्रीमियम आवास और राज्य निवेश सम्मेलनों में होने वाली भव्य घोषणाओं से चकाचौंध है लेकिन आम जनता नहीं। भारत की आम जनता को इस तमाशे से कोई सरोकार नहीं है। आम जनता का सरोकार नौकरियों, मजदूरी, पीने के पानी, बिजली, सड़कों आदि से है। मनरेगा को लगभग समेट दिया गया है, लोगों में इस योजना के प्रति पुरानी यादें और लगाव है। पी.एल.आई. योजना विफल रही है। कौशल विकास विफल रहा है। पेयजल मिशन (जल जीवन) विफल रहा है। स्वच्छ भारत मिशन विफल रहा है। ओ.डी.एफ. की घोषणाएं एक मजाक हैं। इनमें से कुछ वास्तव में विरासत में मिले मुद्दे हैं लेकिन 12 साल से सत्ता में रही सरकार के पास अब यह तर्क उपलब्ध नहीं है।

चढऩे के लिए एक पहाड़ी : ‘वोट चोरी’ ने ‘इंडिया’ गठबंधन को भाजपा/एन.डी.ए. के विपरीत ध्रुव के रूप में खड़ा कर दिया है। भाजपा के कुछ सहयोगी, जिनमें दलबदल कर लाए गए विधायक भी शामिल हैं, घबरा गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विचलित हैं-फिक्की की वाॢषक आम बैठक (19 नवम्बर, 2026) में दिया गया उनका भाषण पढ़ें। ‘वोट चोरी’ से मिली गति को देखते हुए, ‘इंडिया’ गठबंधन को उन मुद्दों को लपकना होगा जो उसे एक उभरती हुई राजनीतिक ताकत बनाएंगे। सामने एक पहाड़ है और पहाड़ चढऩे के लिए ही होते हैं।-पी. चिदम्बरम

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!