मुफ्त राशन योजना को सुचारू बनाने की आवश्यकता

Edited By Updated: 26 Nov, 2026 03:35 AM

need to streamline the free ration scheme

केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के कार्यान्वयन पर किए गए एक मूल्यांकन अध्ययन के निष्कर्षों ने चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं, जो व्यवस्था की खामियों और इन सुविधाओं का लाभ उठाने वाले लोगों के चरित्र को खराब रूप में दर्शाते...

केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के कार्यान्वयन पर किए गए एक मूल्यांकन अध्ययन के निष्कर्षों ने चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं, जो व्यवस्था की खामियों और इन सुविधाओं का लाभ उठाने वाले लोगों के चरित्र को खराब रूप में दर्शाते हैं। इस योजना के तहत लगभग 80 करोड़ नागरिकों को मुफ्त खाद्यान्न प्रदान किया जाता है। अध्ययन में पाया गया कि तीन या अधिक कमरों वाले मकान, कार और एयर कंडीशनर जैसी संपत्ति रखने वाले परिवारों के साथ-साथ वे परिवार भी जरूरतमंदों के लिए बनी मुफ्त खाद्यान्न सुविधा का लाभ उठा रहे थे, जिनके सदस्य सरकारी नौकरियों में कार्यरत हैं।

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा कराए गए इस अध्ययन में पाया गया कि समावेशन त्रुटि दर या मुफ्त खाद्यान्न के लिए अपात्र लोगों की हिस्सेदारी, 13.2  प्रतिशत थी। कई राज्यों में यह राष्ट्रीय स्तर से  काफी अधिक थी, जिसमें पश्चिम  बंगाल (39.5 प्रतिशत) शीर्ष पर रहा, जिसके बाद त्रिपुरा (39.2 प्रतिशत) और तमिलनाडु (38.7 प्रतिशत) का स्थान है। उच्च समावेशन त्रुटियों वाले राज्यों में, अध्ययन में पाया गया कि इसमें योगदान देने वाले प्रमुख कारकों में तीन या अधिक कमरों वाले पक्के मकान, एयर कंडीशनर, मोटर वाहन और सरकारी नौकरियों वाले परिवार शामिल हैं। ये निष्कर्ष इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वित्तीय वर्ष  2025-26 के दौरान केंद्र की खाद्य सब्सिडी 2.28 लाख करोड़ रुपए रही, जो 4.69 लाख करोड़ रुपए के कुल सब्सिडी बिल का लगभग आधा है।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत, सरकार 75 प्रतिशत ग्रामीण और 50 प्रतिशत शहरी परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करती है। खाद्य सुरक्षा कानून की धारा 9 के अनुसार, लाभार्थियों की कुल संख्या केंद्र द्वारा निर्धारित की जाती है, लेकिन धारा 10 के तहत,  जमीनी स्तर पर परिवारों की पहचान करने और इसके लिए दिशानिर्देश तैयार करने की जिम्मेदारी राज्यों की होती है। हालांकि, लाभार्थियों की पहचान के मानदंड हर राज्य में अलग-अलग हैं। तत्कालीन यू.पी.ए. सरकार द्वारा जुलाई 2013 में पेश किया गया एन.एफ.एस.ए., लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 67 प्रतिशत परिवारों को रियायती मूल्य (चावल 3 रुपए किलो, गेहूं 2 रुपए किलो) पर खाद्यान्न का अधिकार देता है। एन.डी.ए. सरकार ने बाद में  रियायती कीमतों को माफ कर दिया और मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया।

हालांकि ये निष्कर्ष उन अयोग्य लोगों के चरित्र को उजागर करते हैं जो मुफ्त खाद्यान्न ले रहे थे, लेकिन यह उन जरूरतमंदों की पहचान करने की प्रणाली में कमियों की ओर भी इशारा करता है जो वास्तव में इस योजना के तहत मुफ्त राशन पाने के हकदार थे। यह अनिवार्य है कि अधिकारी लाभार्थी पहचान प्रणालियों को मजबूत करें, आवधिक डाटाबेस सत्यापन करें, और अयोग्य लोगों को बाहर निकालने के लिए गतिशील अद्यतन तंत्र  सुनिश्चित करें। साथ ही, अपात्र प्राप्तकत्र्ताओं से इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए भुगतान भी करवाया जाना चाहिए।-विपिन पब्बी
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!