Edited By Pardeep,Updated: 22 Nov, 2026 12:13 AM

आम आदमी की सुबह की चाय से लेकर घर के मीठे पकवानों में इस्तेमाल होने वाली चीनी अब जेब पर भारी पड़ने लगी है। बाजार में चीनी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और महंगाई पर लगाम लगाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम फिलहाल बेअसर साबित हो रहे हैं। देश के कई...
नई दिल्ली: आम आदमी की सुबह की चाय से लेकर घर के मीठे पकवानों में इस्तेमाल होने वाली चीनी अब जेब पर भारी पड़ने लगी है। बाजार में चीनी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और महंगाई पर लगाम लगाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम फिलहाल बेअसर साबित हो रहे हैं। देश के कई प्रमुख शहरों में चीनी के दाम एक बार फिर 60 से 70 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच चुके हैं।
प्रमुख महानगरों में चीनी के भाव:
- कोलकाता: ₹70 प्रति किलो (सबसे ज्यादा मार)
- दिल्ली: ₹64 प्रति किलो
- मुंबई व रांची: ₹63 प्रति किलो
- चेन्नई: ₹60 प्रति किलो (बड़े शहरों में फिलहाल सबसे कम)
साल भर में 30 फीसदी का भारी उछाल
बीते एक साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो चीनी की कीमतों में 30 प्रतिशत तक का भारी उछाल दर्ज किया गया है। लोगों को उम्मीद थी कि कीमतें स्थिर होंगी, लेकिन पिछले एक महीने के भीतर ही दामों में 5 फीसदी की और बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस लगातार होती बढ़ोतरी ने आम परिवारों का मासिक बजट बढ़ा दिया है।
ढाई लाख टन आयात कोटा जारी, फिर भी बेअसर कदम
बाजार में चीनी की सप्लाई बढ़ाने और कीमतों को नीचे लाने के लिए सरकार ने ढाई लाख टन चीनी आयात का कोटा दोबारा जारी किया है। इसके अलावा चीनी मिलों को अपना 90 फीसदी कोटा इसी महीने में बेचने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। मिलों ने भी इस बार उत्पादन जल्दी शुरू कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद खुदरा बाजार में कीमतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की तेजी का भी दबाव
घरेलू प्रयासों के बीच वैश्विक बाजार का दबाव भी स्थानीय दामों पर दिख रहा है। इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी के दाम बढ़े हुए हैं, जिसका सीधा असर स्थानीय कीमतों पर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय तेजी और घरेलू मांग के बीच आम उपभोक्ता को सस्ती चीनी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि बाजार में फिलहाल राहत के कोई ठोस संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।