Edited By Priyanka rana,Updated: 15 Apr, 2019 10:12 AM
कालका-पिंजौर रोड़ पर स्थित कालका के सरकारी कॉलेज के सामने रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई
कालका(विजय) : कालका-पिंजौर रोड़ पर स्थित कालका के सरकारी कॉलेज के सामने रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, वहीं बाइक चला रहा महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान पिंजौर की भीमा देवी कॉलोनी निवासी मीना (34) के रूप में हुई है।
मृतका के मौसा बाबू राम ने बताया कि मीना पति सुरेश व बच्चे जय (6) के साथ नवमी के मौके पर कालका स्थित सिद्धपीठ काली माता मंदिर में दर्शन करने जा रही थी। जैसे ही वे कॉलेज के आगे पहुंचे तो आगे जा रहे ऑटो ने एकदम ब्रेक मार दी, जिसके चलते सुरेश की बाईक ऑटो में जा टकराई और सुरेश, मीना व जय सड़क पर गिर गए। इतने में पीछे से आ रहे टैम्पो (छोटा हाथी) ने मीना को कुचल दिया।
घायल मीना को तुंरत सी.एच.सी. कालका ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया। पी.जी.आई. पहुंचते ही डॉक्टरों ने मीना को मृत घोषित कर दिया। बाबू राम ने बताया कि मीना के पति सुरेश को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज पी.जी.आई. चंडीगढ़ में चल रहा है।