Edited By Mansi,Updated: 28 Nov, 2026 04:46 PM
अल्लू अर्जुन फैंस एसोसिएशन ने आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में HPV जागरूकता अभियान चलाया। इस पहल के जरिए 850 से अधिक स्कूलों के 6 लाख से ज्यादा छात्रों तक पहुंच बनाई गई।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फिल्मी सितारों के लिए फैंस का प्यार अक्सर बड़े आयोजनों, सोशल मीडिया ट्रेंड और जश्न के रूप में देखने को मिलता है, लेकिन जब यही जुनून समाज की भलाई का जरिया बन जाए तो यह एक खास मिसाल बन जाता है। साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के फैंस ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। अल्लू अर्जुन फैंस एसोसिएशन (AAFA) ने देशभर में HPV जागरूकता अभियान चलाकर फैनडम को एक नई पहचान दी है। इस पहल के जरिए फैंस न केवल स्वास्थ्य से जुड़े जरूरी मुद्दे पर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
दो चरणों में चलाया गया जागरूकता अभियान
फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशव्यापी HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत के बाद अल्लू अर्जुन के फैंस ने इस स्वास्थ्य पहल को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाने का फैसला किया। इसी उद्देश्य से AAFA ने अपने 'हर साल, एक अच्छा काम' अभियान के तहत इस साल दो बड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
पहला अभियान 1 से 8 अप्रैल तक चलाया गया। इसमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल को शामिल किया गया। इस दौरान 300 से अधिक स्थानों पर पहुंच बनाई गई और 180 से ज्यादा कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इसके बाद 8 से 10 सितंबर के बीच अभियान का दूसरा चरण आयोजित हुआ, जिसका दायरा बढ़ाकर आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक कर दिया गया। इस बार 850 से अधिक स्कूलों को अभियान से जोड़ा गया। यहां बच्चों की उम्र के हिसाब से तैयार किए गए संवादात्मक सत्रों के माध्यम से HPV और सर्वाइकल कैंसर से बचाव की जानकारी दी गई। इस पहल के जरिए 6 लाख से अधिक छात्रों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।
500 से ज्यादा डॉक्टर भी बने अभियान का हिस्सा
इस मुहिम में सिर्फ फैंस और छात्रों ने ही भागीदारी नहीं की, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को भी जोड़ा गया। अभियान के दौरान 500 से अधिक डॉक्टर AAFA की टीमों के साथ जुड़े। इसके जरिए मेडिकल प्रोफेशनल्स, स्कूलों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदायों को एक मंच पर लाने की कोशिश की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य HPV संक्रमण और इससे जुड़े सर्वाइकल कैंसर के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा। खास बात यह रही कि स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर विषय को बच्चों और परिवारों तक आसान भाषा और संवादात्मक गतिविधियों के जरिए पहुंचाया गया।
फैनडम को समाज सेवा से जोड़ रहे अल्लू अर्जुन के फैंस
आमतौर पर फिल्मी सितारों के प्रशंसक अपने पसंदीदा कलाकारों की फिल्मों की रिलीज पर बड़े आयोजन करते हैं। जन्मदिन पर खास कार्यक्रम आयोजित करने से लेकर सोशल मीडिया पर ट्रेंड चलाने तक, फैंस अपने स्टार के प्रति प्यार जाहिर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। लेकिन AAFA की यह पहल दिखाती है कि फैंस की एकजुटता का इस्तेमाल समाज के लिए भी किया जा सकता है।
अल्लू अर्जुन की लोकप्रियता सिर्फ दक्षिण भारतीय सिनेमा तक सीमित नहीं है। देश के अलग-अलग हिस्सों और भाषाओं के दर्शकों के बीच उनकी मजबूत फैन फॉलोइंग है। उनके प्रशंसकों की यह पहल बताती है कि किसी कलाकार का प्रभाव फिल्मों और मनोरंजन से आगे बढ़कर सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बन सकता है।
दूसरे फैन क्लबों के लिए बन सकती है मिसाल
आज के दौर में जहां फैन क्लब अक्सर सोशल मीडिया पर अपने पसंदीदा सितारों को लेकर प्रतिस्पर्धा करते दिखाई देते हैं, वहीं अल्लू अर्जुन फैंस एसोसिएशन ने एक सकारात्मक रास्ता दिखाया है। इस अभियान ने साबित किया है कि संगठित फैन कम्युनिटी अपनी पहुंच और सामूहिक ताकत के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
इस पहल की खासियत सिर्फ 6 लाख से अधिक छात्रों तक पहुंचना नहीं है, बल्कि यह सोच भी है कि किसी सुपरस्टार के प्रति प्यार को समाज की बेहतरी से जोड़ा जा सकता है। AAFA का यह प्रयास दूसरे राज्यों के फैन क्लबों और सेलिब्रिटी फैन एसोसिएशन के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।