Review: हॉरर फिल्मों की भीड़ में अलग है 'काली खेती', जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की एक्टिंग ने किया प्रभावित

Edited By Updated: 20 Nov, 2026 11:59 AM

kali kheti review in hindi

यहां पढ़ें कैसी है फिल्म काली खेती...

फिल्म- काली खेती (Kali Kheti)
स्टारकास्ट- जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff), शरद केलकर (Sharad Kelkar), नेहा सरगम (Neha Sargam), वीरेंद्र सक्सेना (Virendra Saxena) 
डायरेक्टर- हारिस इम्तियाज खान (Haris Imtiyaz Khan)
रेटिंग- 3*

Kali Kheti: कभी-कभी डर वहां छिपा होता है, जहां हम उसकी कल्पना भी नहीं करते। निर्देशक हारिस इम्तियाज खान की 'काली खेती' इसी सोच को पर्दे पर उतारती है। जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम और अन्य कलाकारों से सजी यह फिल्म हॉरर के पारंपरिक अंदाज से हटकर खेती और जमीन के इर्द-गिर्द एक सस्पेंस भरी कहानी पेश करती है। गांव का शांत माहौल, अजीब घटनाएं और एक रहस्यमयी खेती फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाते हैं। तो चलिए जानते हैं कैसी है फिल्म काली खेती...

कहानी
फिल्म की कहानी एक शांत से दिखने वाले गांव में रहने वाले रोहित (शरद केलकर) और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। रोहित अपनी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू के साथ गांव में रहता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब रोहित को खेती के लिए एक जमीन मिलती है और वह अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आता है लेकिन जल्द ही किशन को गांव के माहौल और वहां होने वाली अजीब घटनाओं पर शक होने लगता है। रोहित का बार-बार नई खेती का जिक्र करना और उसके व्यवहार में आया बदलाव कहानी के रहस्य को और गहरा कर देता है। धीरे-धीरे जमीन से जुड़े राज खुलने लगते हैं और कहानी हॉरर व सस्पेंस का रूप ले लेती है। फिल्म खेती के बहाने इंसानी लालच और बदलते सामाजिक मूल्यों को भी सामने लाती है। आखिर इस काली खेती के पीछे का सच क्या है, यह जानने के लिए फिल्म देखनी होगी।


एक्टिंग
फिल्म में जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। जैकी श्रॉफ इस फिल्म में अपने चिर-परिचित बिंदास अंदाज से बिल्कुल अलग एक गंभीर किरदार में दिखाई देते हैं। उन्होंने अपने अभिनय से किरदार की गंभीरता और भावनाओं को बखूबी पर्दे पर उतारा है। वहीं, शरद केलकर ने एक बार फिर अपनी दमदार एक्टिंग से प्रभावित किया है। उनके किरदार में दिखने वाला बदलाव और रहस्यमयी अंदाज कहानी के सस्पेंस को और मजबूत बनाता है। नेहा सरगम ने भी अपने किरदार को सहजता से निभाया है, जबकि शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना ने अपनी मौजूदगी से कहानी को मजबूती दी है। 

डायरेक्शन
हारिस इम्तियाज खान ने फिल्म के निर्देशन में एक अलग तरह के हॉरर और सस्पेंस को पेश करने की कोशिश की है। फिल्म का कॉन्सेप्ट इसकी सबसे बड़ी खासियत है, जिसे निर्देशक ने गांव के माहौल और खेती से जुड़े रहस्यों के जरिए पर्दे पर उतारा है। 1 घंटा 49 मिनट की इस फिल्म में कहानी की रफ्तार बनी रहती है और इसे बेवजह लंबा नहीं खींचा गया है। रहस्यमयी घटनाओं को धीरे-धीरे सामने लाने का तरीका दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखता है। हालांकि, कुछ जगहों पर कहानी को और बेहतर तरीके से पेश किया जा सकता था, लेकिन कुल मिलाकर निर्देशक अपने अनोखे विषय और सस्पेंस भरे माहौल के जरिए दर्शकों को बांधे रखने में कामयाब रहे हैं।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!