Edited By Prachi Sharma,Updated: 16 Sep, 2026 12:07 PM

Rajpal Yadav Court Case : सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता राजपाल यादव को एक प्राइवेट शिकायतकर्ता के साथ चल रहे आर्थिक विवाद के मामले में कम से कम 2 करोड़ रुपये जमा करने के लिए आखिरी बार दो हफ्ते का समय दिया है
Rajpal Yadav Court Case : सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता राजपाल यादव को एक प्राइवेट शिकायतकर्ता के साथ चल रहे आर्थिक विवाद के मामले में कम से कम 2 करोड़ रुपये जमा करने के लिए आखिरी बार दो हफ्ते का समय दिया है। इस मामले पर बात करते हुए, राजपाल यादव का पक्ष रखने वाले वकील भास्कर उपाध्याय ने मीडिया से कहा और भरोसा दिलाया कि अभिनेता की टीम कोर्ट के आदेशों और निर्देशों का पालन करेगी। उन्होंने कहा, "हम इस आदेश का स्वागत करते हैं... कोर्ट ने हमें यह रकम जमा करने के लिए समय दिया है। पहले यह रकम 5 करोड़ रुपये थी। अब कोर्ट ने इसे घटाकर 2 करोड़ रुपये कर दिया है। यह हमारे लिए बड़ी राहत है और हम इस कोर्ट के आदेशों और निर्देशों का पालन करेंगे।
यह फ़ैसला तब आया जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि इस मामले में यादव के पिछले व्यवहार से कोर्ट को ज़्यादा भरोसा नहीं हुआ। हालांकि, जब उनके वकील ने बेंच को भरोसा दिलाया कि वह तय समय में कम से कम 2 करोड़ रुपये जमा कर देंगे और बाकी रकम के लिए ज़मानत देंगे, तो कोर्ट ने उन्हें दो हफ्ते का और समय दे दिया।
सुनवाई के दौरान, CJI सूर्य कांत ने सवाल किया कि क्या यादव पर अपने वादे को पूरा करने के लिए भरोसा किया जा सकता है क्योंकि इस मामले में उनका पिछला व्यवहार ऐसा नहीं रहा है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "उनके पिछले व्यवहार को देखते हुए... कोई उन पर कैसे भरोसा कर सकता है? वह बॉलीवुड में ड्रामा और एक्टिंग करने में माहिर हैं, वही चीज वह कोर्ट में भी कर रहे हैं। कोर्ट ने गिरफ्तारी से यादव को मिली सुरक्षा को भी अगली सुनवाई तक जारी रखा है, जो 5 अक्टूबर को होनी है। हालांकि, कोर्ट ने अभिनेता को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का निर्देश दिया है। यह विवाद 2010 का है, जब यादव ने डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहली फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए दिल्ली की एक कंपनी से लगभग 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। यह कॉमेडी फिल्म बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और कहा जाता है कि यह अपनी लागत भी नहीं निकाल पाई। इसके बाद यादव को लोन चुकाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ब्याज और अन्य शुल्कों के कारण बकाया रकम समय के साथ बढ़ती गई और कथित तौर पर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। बाद में इस विवाद के चलते एक्टर के खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज हुआ।
अभी चल रही कार्यवाही उस रकम से जुड़ी है जिसका दावा प्राइवेट शिकायतकर्ता, यानी मुरली प्रोडक्शंस के मालिक ने किया है।