Edited By Prachi Sharma,Updated: 25 Nov, 2026 06:52 PM

अभिनेता और राजनेता रवि किशन ने खुलासा किया कि कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर छाए मीम्स और रील्स की लहर का उन्होंने भरपूर आनंद लिया। उन्होंने बताया कि वे पूरी-पूरी रात अपना ही वायरल कंटेंट देखते रहते थे।
Ravi Kishan Viral Memes : अभिनेता और राजनेता रवि किशन ने खुलासा किया कि कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर छाए मीम्स और रील्स की लहर का उन्होंने भरपूर आनंद लिया। उन्होंने बताया कि वे पूरी-पूरी रात अपना ही वायरल कंटेंट देखते रहते थे। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित द्वारा होस्ट किए जाने वाले क्विज-आधारित रियलिटी शो 'कोन होनार करोड़पति' में शामिल होने के दौरान, रवि ने सोशल मीडिया पर मिली अपनी नई लोकप्रियता के बारे में बात की।
बातचीत के दौरान, अभिनेता ने बताया कि कैसे नई पीढ़ी (यंग जनरेशन) ने उनके अंदाज, डायलॉग्स और डांस मूव्स को अपनाया और उनके पलों को वायरल मीम्स और रील्स में बदल दिया।
रवि ने माधुरी से कहा, "कुछ ही महीनों में, 'जेन जी' (Gen Z) ने मुझे एक सेंसेशन बना दिया। उन्होंने यह भी बताया कि वे इस ट्रेंड को कितनी बारीकी से फॉलो करते थे, उन्होंने कहा कि वे रात भर अपने मीम्स और रील्स देखते रहते थे।
उनकी यह बात सुनकर माधुरी हैरान रह गईं और उन्होंने पूछा, "क्या ? आप अपनी ही रील्स देखते थे ?" इसके बाद माधुरी के साथ बातचीत उन कई उपनामों (निकनेम्स) की ओर मुड़ गई, जो फैंस ने सोशल मीडिया पर रवि की वापसी के दौरान उन्हें दिए हैं। माधुरी ने मज़ाक में उनसे पूछा कि वे "नेशनल क्रश", "बिहार के ब्रैड पिट" और "माइकलाल जैक्सन" में से किसे चुनेंगे।
रवि ने कहा कि वे किसी एक खास टाइटल को चुनने के बजाय, उनके पीछे छिपे प्यार को स्वीकार करके ही खुश हैं। चाहे फैंस उनके डांस मूव्स की तुलना माइकल जैक्सन से करें, उन्हें बिहार का ब्रैड पिट कहें या नेशनल क्रश का नाम दें, रवि का कहना है कि वे बस जैसे हैं, वैसे ही रहना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं बस रवि किशन हूं।
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि रवि के इंटरव्यू और सार्वजनिक कार्यक्रमों के कुछ पलों को मीम क्रिएटर्स ने बार-बार इस्तेमाल किया। यूज़र्स ने उनके हाव-भाव और बयानों को रिएक्शन वीडियो, रील्स और मजेदार एडिट्स में बदल दिया। एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेता का बोला गया डायलॉग - मनी फॉलोज, माय ब्रदर सोशल मीडिया यूज़र्स के बीच काफी लोकप्रिय हुआ और एक वायरल मीम बन गया।