Edited By ,Updated: 27 Apr, 2015 06:46 PM
रामपुर के समीप रचोली पंचायत के जाख में 2 भालुओं ने एक मजदूर पर जानलेवा हमला कर दिया।
रामपुर बुशहर : रामपुर के समीप रचोली पंचायत के जाख में 2 भालुओं ने एक मजदूर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले से मजदूर जुनुस (29) पुत्र साधु मुंडा निवासी झारखंड बुरी तरह से घायल हो गया। बेहोशी की हालत में उसे महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मजदूर की हालत काफी गंभीर होने पर उसे शिमला रैफर किया गया।
जानकारी के अनुसार मजदूर जाख में सुरेश गुप्ता के पास मजदूरी करता था। सोमवार प्रात: करीब 6 बजे वह और दूसरे मजदूर जलाने की लकड़ी इकट्ठे करने के लिए जाख से निकले थे। इस बीच अचानक एक मादा भालू अपने बच्चे के साथ आई और उसने जुनुस पर हमला कर दिया।
मजदूर के चिल्लाने पर साथी मदद के लिए पहुंचे और मादा भालू के चंगुल से उसे छुड़वाया। मजदूर के सिर में गहरी चोटें आई हैं। इसके साथ ही भालू ने मजदूर के मुंह व जबड़े को भी बुरी तरह से नोचा है। इससे मजदूर की हालत नाजुक बनी हुई है।