इटली के चर्च में बाल यौ'न शोषण का बड़ा मामला, 20 साल में 57 पादरियों को सजा

Edited By Updated: 25 Nov, 2026 09:01 PM

57 priests sentenced in 20 years

इटली में इटालियन बिशप्स कॉन्फ्रेंस (CEI) द्वारा जारी एक रिपोर्ट में कैथोलिक चर्च से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो दशकों (2001-2021) के दौरान बच्चों के यौन शोषण के मामलों में 57 पादरियों को दोषी ठहराया गया है और उन्हें जेल की...

रोम: इटली में इटालियन बिशप्स कॉन्फ्रेंस (CEI) द्वारा जारी एक रिपोर्ट में कैथोलिक चर्च से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो दशकों (2001-2021) के दौरान बच्चों के यौन शोषण के मामलों में 57 पादरियों को दोषी ठहराया गया है और उन्हें जेल की सजा सुनाई गई है।

378 मामले और 880 अलग-अलग घटनाएं दर्ज 
इतालवी बिशप सम्मेलन द्वारा प्रस्तुत की गई इस रिपोर्ट में वर्ष 2001 से 2021 के बीच चर्च अधिकारियों को दर्ज कराए गए 378 मामलों का ब्योरा दिया गया है। इन मामलों में कुल 880 अलग-अलग घटनाएं शामिल हैं, जिनमें 356 आरोपी पादरी और 385 पीड़ित बच्चे शामिल पाए गए हैं।

इतालवी न्यायिक प्रणाली को कुल 123 संदिग्धों की सूचना दी गई थी, जिनमें से लगभग आधे यानी 57 पादरियों को अंतिम सजा सुनाकर जेल भेजा गया।

अनुशासनात्मक कार्रवाई और पीड़ितों का विवरण 
रिपोर्ट के मुताबिक, 218 पादरियों के खिलाफ चर्च द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई, जिनमें से लगभग 70% को दोषी पाया गया। कुल 356 आरोपी पादरियों में से 87 को सेवा से बर्खास्त या निलंबित किया गया, 39 सेवानिवृत्त हो चुके थे और 67 की मृत्यु हो चुकी है।

रिपोर्ट में सामने आया है कि पीड़ितों में लगभग 70% लड़के थे, जिनमें 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के किशोर सबसे अधिक प्रभावित हुए। इसके अलावा, लगभग 80% मामलों में आरोपी बार-बार अपराध करने वाले (multiple offenders) थे, जबकि लगभग 30% मामलों में सीधे यौन कृत्यों की पुष्टि हुई है।

"चर्च में फैली इस बुराई की नृशंसता को स्वीकार करना होगा": कार्डिनल ज़ुप्पी 
इटालियन बिशप्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख कार्डिनल माटेओ मारिया ज़ुप्पी ने बयान जारी कर कहा, "ये अपराध उस बुराई को उजागर करते हैं जो चर्च में फैली हुई है: हमें इसे इसके नाम से बुलाना होगा और इसकी नृशंसता को स्वीकार करना होगा"।

यह रिपोर्ट फ़्लोरेंस के 'इस्टिटूटो डेगली इनोसेंटी' (बाल संरक्षण संस्था) और बोलोग्ना विश्वविद्यालय की इकाई द्वारा तैयार की गई है। शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह डेटा केवल चर्च के अभिलेखागार (archives) पर आधारित है और यह मामलों की पूरी वास्तविक संख्या को नहीं दर्शाता है। उन्होंने पीड़ितों की सहायता के लिए हेल्पलाइन शुरू करने और एक स्थायी वेधशाला (observatory) बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे CEI ने तुरंत स्वीकार कर लिया है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!