Edited By Sanjeev,Updated: 19 Nov, 2026 08:31 AM

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 'आरिया-फॉर्मूला' बैठक में भारत ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। भारत ने सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना पर आरोप लगाया कि वह अपने निजी फायदे के लिए देश के प्राकृतिक संसाधनों को लूट रही है और इन संसाधनों पर अपना नियंत्रण...
न्यूयॉर्क : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 'आरिया-फॉर्मूला' बैठक में भारत ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। भारत ने सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना पर आरोप लगाया कि वह अपने निजी फायदे के लिए देश के प्राकृतिक संसाधनों को लूट रही है और इन संसाधनों पर अपना नियंत्रण बनाए रखने के लिए देश में राजनीतिक उथल-पुथल पैदा कर रही है।
लाइबेरिया द्वारा प्राकृतिक संसाधनों और संघर्ष के विषय पर बुलाई गई इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत पर्वथनेनी हरीश ने पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल द्वारा 'सिंधु जल संधि' (Indus Waters Treaty) का मुद्दा उठाए जाने पर कड़ा जवाब दिया। राजदूत हरीश ने स्पष्ट किया कि नई दिल्ली का इस बैठक में द्विपक्षीय विवादों पर चर्चा करने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन उन्होंने इस्लामाबाद की टिप्पणियों का जवाब देना जरूरी समझा।
उन्होंने कहा, 'अध्यक्ष महोदय, हमारा इरादा इस मंच पर अन्य मुद्दों को लाने का नहीं था, लेकिन पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल ने आज की चर्चा का इस्तेमाल अपने प्रोपेगैंडा को फैलाने के लिए किया है, इसलिए हमें इसका जवाब देना पड़ रहा है। सिंधु जल संधि पर हमारा रुख स्पष्ट और स्थिर है, जिसे हमने कई मंचों पर पहले भी रखा है।'
पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान पर निशाना साधते हुए, राजदूत हरीश ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से जुड़ी एक घटना का जिक्र किया, जिससे यह साफ होता है कि देश की खनिज संपदा पर असल में किसका नियंत्रण है और कौन इससे मुनाफा कमा रहा है। उन्होंने संसाधनों के दोहन में सेना की सीधी भागीदारी को पाकिस्तान के भीतर हाल ही में हुई राजनीतिक कार्रवाई से जोड़ा, जिसमें एक चुनी हुई प्रांतीय सरकार को हटाना भी शामिल है।
उन्होंने कहा, 'पिछले सितंबर में उनके सेना प्रमुख को विदेशी नेताओं के सामने खनिजों से भरा एक लकड़ी का बक्सा दिखाते हुए देखा गया था। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि इस शोषण में उनकी सेना की क्या भूमिका है। माना जाता है कि पाकिस्तान में हाल ही में एक प्रांतीय सरकार को बर्खास्त करने और वहां आपातकाल जैसी स्थिति लागू करने के पीछे भी यही सेना है।'
पिछले साल व्हाइट हाउस में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की अमेरिकी राष्ट्रपति को दुर्लभ खनिज (rare earth minerals) उपहार में देते हुए तस्वीरें सामने आई थीं। इन तस्वीरों में मुनीर खनिजों से भरे एक खुले लकड़ी के बक्से की ओर इशारा कर रहे हैं, जिसे डोनाल्ड ट्रम्प देख रहे हैं, जबकि पास ही खड़े शहबाज शरीफ हल्के से मुस्कुरा रहे हैं। भारतीय राजदूत ने पाकिस्तान की सेना को ही वहां का असली नीति-निर्माता बताते हुए कहा कि देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी आम पाकिस्तानियों की भलाई के बजाय खुद को अमीर बनाने और सीमा पार दुश्मनी को बढ़ावा देने को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि यह रणनीति अब इस्लामाबाद पर ही उल्टी पड़ रही है।
उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान के लिए बेहतर यही होगा कि उसके असली शासक (यानी वहां की सेना) देश के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल अपनी आबादी के फायदे के लिए करे, न कि खुद को समृद्ध बनाने के लिए। साथ ही, अगर पाकिस्तानी सेना अपने पड़ोसी देशों के साथ टकराव को बढ़ावा देना बंद कर दे, तो यह पाकिस्तान के लिए ही अच्छा होगा; क्योंकि यह टकराव अब उनके अपने ही देश को नुकसान पहुंचा रहा है।'