Edited By Tanuja,Updated: 03 Jun, 2018 10:09 AM
टोक्यो की मेट्रोपोलिटन पुलिस ने एक महिला माओ तोगवा (25) को नवजात बेटी की हत्या कर उसका शव अपनी कंपनी के लॉकर में छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया है...
टोक्योः टोक्यो की मेट्रोपोलिटन पुलिस ने एक महिला माओ तोगवा (25) को नवजात बेटी की हत्या कर उसका शव अपनी कंपनी के लॉकर में छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। नवजात का शव सूटकेस के अंदर पन्नी में लपेट कर रखा गया था। घटना का पता तब चला जब कंपनी के लॉकर की देखभाल करने वाले कर्मचारी ने लॉकर से बदबू आने की शिकायत की। जब लॉकर को खोल कर देखा गया तो उसमें नवजात बच्ची का शव मिला।
टोक्यो पुलिस के अनुसार माओ जिस कंपनी में कार्यरत थी उसी के एक कैफे रूम में इस साल 13 जनवरी को उसने एक नवजात बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के रोने की आवाज कोई सुन न ले इसलिए एक कपड़े से बच्ची का गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद उसका शव पन्नी में लपेट कर एक छोटे सूटकेस में रखा और कंपनी परिसर के बाहर 200 मीटर दूरी पर बने लॉकर रूम में जाकर वह सूटकेस रख दिया। पुलिस ने माओ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।