मिसिसिपी नदी में बड़ा हादसा: टैंकर की टक्कर से पलटा क्रूज जहाज, देखें वीडियो

Edited By Updated: 14 Nov, 2026 02:35 PM

major accident on the mississippi river

अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। एक बेकाबू टैंकर ने नदी किनारे खड़े क्रूज जहाज को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूज जहाज एक तरफ झुककर नदी में पलट गया।

मिसिसिपी । अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। एक बेकाबू टैंकर ने नदी किनारे खड़े क्रूज जहाज को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूज जहाज एक तरफ झुककर नदी में पलट गया। हादसे के समय जहाज पर करीब 180 यात्री और क्रू मेंबर मौजूद थे। अचानक हुए इस हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में गिर गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बचाव दल ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है और न ही कोई व्यक्ति लापता है। उन्होंने इसे मिसिसिपी नदी पर किसी चमत्कार से कम नहीं बताया। हादसे में 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं थी।

नदी में गिरे लोगों को बचाने के लिए चलाया अभियान

हादसे के तुरंत बाद बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। आसपास मौजूद टगबोट के चालक, कर्मचारी, पुलिसकर्मी और बचाव दल के सदस्य लोगों की मदद के लिए पहुंच गए। इस दौरान कम से कम दो पुलिस अधिकारी भी नदी में उतरकर लोगों को बाहर निकालने में जुटे रहे। नदी के पानी का तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस था। ऐसे में लोगों को आसपास खड़े दूसरे जहाजों तक पहुंचाया गया। घटनास्थल के पास काम कर रहे डेवोन फ्लैनगन ने बताया कि अचानक कर्मचारी डॉक की तरफ भागने लगे। जब वह अपने ट्रक से बाहर निकले तो उन्होंने क्रूज जहाज को एक तरफ झुका हुआ देखा। कई यात्री पानी में गिरे हुए थे। उन्होंने बताया कि मौके पर काफी अफरा-तफरी मची हुई थी और आसपास की कई नावें तथा कंपनियों के कर्मचारी बचाव कार्य में जुटे थे।

टैंकर का स्टीयरिंग सिस्टम खराब होने की आशंका

अमेरिकी तटरक्षक बल की कैप्टन मेलानी बर्नहैम के मुताबिक, शुरुआती जांच में टैंकर के स्टीयरिंग सिस्टम में खराबी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने मामले की जांच करने की तैयारी की है। हालांकि, देशभर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण उड़ानें प्रभावित होने से जांच टीम शुरुआत में न्यू ऑरलियन्स नहीं पहुंच सकी। जहाज से सुरक्षित निकाले गए सभी लोगों को पास के एक ऑडिटोरियम में ठहराया गया। यहां क्रूज कंपनी ने यात्रियों और क्रू मेंबर के नाम पुकारकर उनकी गिनती की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति लापता नहीं है।

यात्रियों के पहचान पत्र और कार की चाबियां नदी में गिरीं

हादसे के दौरान कई यात्रियों के पहचान पत्र और कार की चाबियां नदी में गिरकर खो गईं। मेयर के मुताबिक, ज्यादातर यात्री दूसरे शहरों से न्यू ऑरलियन्स आए थे। कई लोगों के पास मोबाइल फोन नहीं थे, जबकि कुछ यात्रियों को अपने परिवार से संपर्क करने के लिए चार्जर की जरूरत थी। प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों के लिए भोजन, होटल में ठहरने और आने-जाने की व्यवस्था करने का भरोसा दिया है, ताकि उन्हें हादसे के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।

2015 में बना था क्रूज जहाज

हादसे का शिकार हुआ क्रूज जहाज 'अमेरिकन हेरिटेज' अमेरिकन क्रूज लाइन्स कंपनी का है। साल 2015 में बने इस पांच मंजिला जहाज में अधिकतम 150 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यह जहाज लुइसियाना और मिसिसिपी के कई इलाकों से होते हुए 8 दिन की यात्रा पूरी कर न्यू ऑरलियन्स पहुंच रहा था। टुलेन यूनिवर्सिटी के समुद्री मामलों के विशेषज्ञ प्रोफेसर मार्टिन डेविस ने कहा कि हादसे के वीडियो से जहाज के किसी बड़े तकनीकी सिस्टम में खराबी होने का संकेत मिलता है। उनके मुताबिक, टैंकर नदी की धारा के विपरीत धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। ऐसे में इस तरह की जोरदार टक्कर होना किसी गंभीर तकनीकी गड़बड़ी की ओर इशारा करता है। फिलहाल हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!