ICJ का ऐतिहासिक फैसला; म्यांमार को रोहिंग्या नरसंहार के लिए ठहराया जिम्मेदार, बांग्लादेश ने पीड़ितों के लिए उठाई आवाज

Edited By Updated: 20 Nov, 2026 06:35 PM

myanmar must compensate rohingya for genocide khalilur

रोहिंग्या नरसंहार पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले के बाद बांग्लादेश ने म्यांमार से पीड़ितों को मुआवजा देने और दोषियों पर मुकदमा चलाने की मांग की है। साथ ही 10 लाख से अधिक शरणार्थियों की सुरक्षित, स्वैच्छिक और सम्मानजनक वापसी के लिए...

Dhaka: बांग्लादेश ने शुक्रवार को म्यांमार से रोहिंग्या समुदाय के लोगों के खिलाफ किए गए अपराधों के लिए उन्हें मुआवजा देने और उनकी सुरक्षित, स्वैच्छिक तथा सम्मानजनक वापसी सुनिश्चित करने की मांग की। यह मांग अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) के नरसंहार संबंधी फैसले के बाद की गई है। घणऱ ने बृहस्पतिवार को एक ऐतिहासिक फैसले में कहा कि म्यांमार ने 2017 में उत्तरी रखाइन प्रांत में चलाए गए ''सैन्य सफाया अभियान'' के दौरान अल्पसंख्यक रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ नरसंहार किया था। संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष न्यायालय के रूप में पहचाने जाने वाले ICJ ने अपने 80 साल के इतिहास में पहली बार 1948 की नरसंहार संधि के तहत किसी देश को नरसंहार के लिए जिम्मेदार ठहराया है। सरकारी समाचार एजेंसी BSS के अनुसार, बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने कॉक्स बाजार के उखिया में रोहिंग्या शरणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि म्यांमा में उनके खिलाफ हुए अत्याचारों पर ICJ का फैसला एक ऐतिहासिक क्षण है और इसे न्याय तथा अपने घर सुरक्षित लौटने की दिशा में उनकी यात्रा की शुरुआत बनना चाहिए।

 

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA ) के 81वें सत्र की अध्यक्षता भी कर रहे रहमान ने कहा, ''यह फैसला अंतिम और बाध्यकारी है तथा इसके खिलाफ अपील नहीं की जा सकती।'' बांग्लादेश में 10 लाख से अधिक रोहिंग्या शरणार्थी रह रहे हैं। ये लोग 2017 में म्यांमार की सेना की कार्रवाई के बाद उत्पीड़न से बचने के लिए रखाइन प्रांत से भागकर बांग्लादेश आए थे। इनमें से अधिकतर कॉक्स बाजार के भीड़भाड़ वाले शरणार्थी शिविरों में रहते हैं। म्यांमा के खिलाफ नरसंहार संधि के कथित उल्लंघन का मामला नवंबर 2019 में गांबिया ने अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में दायर किया था। रहमान ने कहा कि आईसीजे को म्यांमा के सुरक्षा बलों द्वारा बड़े पैमाने पर हत्याओं, यौन हिंसा, महिलाओं और बच्चों पर हमलों तथा गांवों को नष्ट किए जाने के सबूत मिले हैं।

 

उन्होंने कहा कि अदालत के समक्ष पेश साक्ष्यों के अनुसार, कम से कम 10,000 लोग मारे गए थे। रहमान ने म्यांमार से इन अत्याचारों में शामिल होने के संदिग्ध लोगों के खिलाफ तत्काल जांच शुरू करने और जरूरत पड़ने पर उन पर मुकदमा चलाकर सजा देने का आह्वान किया। उन्होंने म्यांमार से पीड़ितों को मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की। रहमान ने कहा कि रोहिंग्या समुदाय के लोग बार-बार अपने वतन लौटने की इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने म्यांमा में उनकी सुरक्षा, नागरिकता, आवागमन की स्वतंत्रता और भेदभाव से संरक्षण की गारंटी देने की मांग की।

 

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को खतरे वाली स्थिति में वापस नहीं भेजा जाना चाहिए। बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से सुरक्षित स्वदेश वापसी संभव होने तक शरणार्थी शिविरों में मानवीय सहायता के लिए वित्तपोषण बढ़ाने की भी अपील की। रहमान ने शरणार्थियों को बताया कि वह उनकी चिंताओं, विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि ICJ के फैसले को लागू करना सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसके प्रावधानों का असर कॉक्स बाजार के शिविरों में रह रहे रोहिंग्या परिवारों तथा रखाइन प्रांत में उनके मूल गांवों में भी दिखना चाहिए।  

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!