Edited By Tanuja,Updated: 26 Jul, 2018 06:53 PM
पाकिस्तान में 25 जुलाई को हुए आम चुनाव की मतगणना में सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान ने अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवा दिया है
इस्लामाबादः पाकिस्तान में 25 जुलाई को हुए आम चुनाव की मतगणना में सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान ने अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवा दिया है। बता दें कि इमरान खान का हमेशा से ही विवादों से गहरा नाता रहा है, कभी ड्रग्स लेने तो कभी मशहूर अभिनेत्रियों से रिश्ते को लेकर इमरान हमेशा सुर्खियों में रहे हैं। आइए जानते हैं इमरान खान से जुड़े पांच बड़े विवादों के बारे में ।
ड्रग्स का आरोप
पाक क्रिकेट टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी कासिम उमर ने वर्ष 1987 में कहा था कि इमरान ड्रग्स लेते हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि वह खुद इमरान को ड्रग्स उपलब्ध कराते रहे हैं। इस आरोप के बाद मामूली सी जांच-पड़ताल के बाद मामले को बंद कर दिया गया।
रंगीनमिजाज व अय्याश
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के एक और वरिष्ठ खिलाड़ी यूनिस अहमद ने इमरान खान पर रंगीनमिजाज और अय्याश होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि कोलकाता में भारत के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच के बाद इमरान की परिचित दो लड़कियों ने पूरी टीम के लिए पार्टी रखी जिसमें ड्रग्स का सेवन भी हुआ। यूनिस का कहना था कि उसी पार्टी में उन्हें कई लड़कियों के साथ इमरान के ताल्लुकात के बारे में पता चला।
अक्खड़ और बदमिजाज
1993 में जावेद मियांदाद ने खुलेआम इमरान को अक्खड़ और बदमिजाज बताया था। साथ ही इमरान ने अपनी आत्मकथा में स्वीकार किया है कि वो मैच के दौरान गेंदों से छेड़छाड़ करते रहे हैं।
हसीनाओं से रिश्ता
इमरान खान लड़कियों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं और गाहे-बगाहे उनके अफेयर्स की चर्चा भी उड़ती रही है। इन अफेयर्स में सबसे बड़ा नाम पूर्व पाकिस्तानी पीएम बेनजीर भुट्टो, भारत की मशहूर अदाकारा जीनत अमान और अरबपति बिजनेसमैन की बेटी सीता व्हाइट का रहा। सीता व्हाइट ने तो आरोप भी लगाया था कि, इमरान से उन्हें एक बेटी है। हालांकि इमरान हमेशा इस आरोप को झूठ बताते रहे।
शादियों के लिए मशहूर
इमरान खान की जेमिमा गोल्डस्मिथ, रेहम खान और बुशरा मानेका से तीन शादियां हुई। जिसमें से वह अभी तीसरी पत्नी बुशरा के साथ रह रहे हैं। लेकिन रेहम खान की किताब की वजह से उनकी दूसरी शादी काफी चर्चा में रही। 10 महीने चले इस रिश्ते के बारे में हाल ही में इमरान ने कहा था कि, रेहम से शादी करना उनकी सबसे बड़ी गलती थी। बता दें कि रेहम खान ने अपनी किताब में इमरान पर कई संगीन आरोप लगाए हैं।
रेहम ने लिखा कि इमरान खान का दिल पाकिस्तान के पूर्व ऑफ स्पिनर सकलैन मुश्ताक पर भी आया हुआ था। रेहम ने किताब में ये भी दावा किया कि एक महिला पत्रकार मुझसे मिली। जिसने पाकिस्तान फिल्म एक्ट्रेस रेशम का हवाला देते हुए कहा कि ट्रांसजेंडर डांसर रिमाल आजकल इमरान को अपनी सेवाएं दे रहा है। साथ ही उन्होंने भारत में इमरान के 5 नाजायज बच्चों और अपनी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से शारीरिक संबंधों का जिक्र भी किया है।