Edited By shukdev,Updated: 31 Oct, 2018 01:04 PM
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह यह आदेश देना चाहते हैं कि गैर अमरीकी नागरिकों या अवैध प्रवासियों के अमरीका में जन्मे बच्चों के नागरिकता के संवैधानिक अधिकार को खत्म किया जाए। मध्यावधि चुनावों से पहले सख्त आव्रजन नीति को लेकर नए सिरे से बढ़ते...
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारतीयों को एक और झटका देने की तैयारी में है। दरअसल, ट्रंप ने देश में जन्म लेने वाले ऐसे बच्चों के जन्मजात नागरिकता के अधिकार को समाप्त करने का निर्णय किया है जिनके माता पिता अमेरिकी नागरिक नहीं हैं। इसके लिए राष्ट्रपति ने शासकीय आदेश लाने की बात कही है जिसकी तीखी आलोचना हो रही है। ट्रंप यह फैसला लेते हैं तो इससे अमरीका में रह रहे भारतीय भी प्रभावित होंगे। दरअसल, भारतीय माता-पिता के जन्मे हजारों बच्चे अपने आप हर साल अमरीकी नागरिक बन जाते हैं।
जन्मजात नागरिकता को समाप्त नहीं कर सकतेः रयान
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर, कांग्रेस सदस्य पॉल रयान ने कहा, ‘‘आप शासकीय आदेश के जरिए जन्मजात नागरिकता को समाप्त नहीं कर सकते। जब पूर्व राष्ट्रपति (बराक ओबामा) ने शासकीय आदेश के जरिए आव्रजन नियमों में बदलाव करने की कोशिश की तब भी हमने इसे पंसद नहीं किया था और कंजर्वेटिव पार्टी से होने के नाते हम संविधान में विश्वास करते हैं।’’ वर्तमान कानून के मुताबिक अमेरिका में जन्म लेने वाला कोई भी बच्चा अमेरिकी नागरिक होता है फिर चाहे उसके माता पिता अमेरिका के नागरिक हों अथवा नहीं।
रविवार को प्रसारित होगा ट्रंप का पूरा इंटरव्यू
ट्रंप ने अपने साक्षात्कार में कहा, ‘‘मुझे हमेशा बताया गया कि आपको संविधान में संशोधन की जरूरत है, एक संशोधन। पहली बात आपको यह करना नहीं है। दूसरी बात कि आप यह कांग्रेस के जरिए कर सकते हैं। लेकिन अब वे कह रहे हैं कि मैं सिर्फ एक शासकीय आदेश के जरिए ऐसा कर सकता हूं।’’ इस साक्षात्कार का कुछ हिस्सा मंगलवार को प्रसारित किया गया था। पूरा साक्षात्कार ‘‘एक्सिओज ऑन एचबीओ’’ पर रविवार को प्रसारित किया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में जन्में किसी को भी नागरिकता देना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि हम विश्व में इकलौते देश हैं जहां कोई आता है और बच्चे को जन्म देता है और फिर बच्चा 85 वर्षों के लिए अमेरिका का अनिवार्य नागरिक बन जाता है साथ ही उसे सभी प्रकार के लाभ मिलते हैं।‘‘यह हास्यास्पद है। और इसे समाप्त होना होगा।’’