Edited By ,Updated: 11 Oct, 2016 12:17 PM
चीन के पूर्वी तटीय झेजियांग प्रांत में ढहे चार मकानों के मलबे से 2 और शव मिलने के साथ ही मरने वालों की संख्या 22 तक पहुंच गई है...
बीजिंग: चीन के पूर्वी तटीय झेजियांग प्रांत में ढहे चार मकानों के मलबे से 2 और शव मिलने के साथ ही मरने वालों की संख्या 22 तक पहुंच गई है। राहत कार्य में लगे लगभग 800 कर्मियों ने अपना कार्य पूरा कर लिया है।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार वेंझू के लुचेंग औद्योगिक जिले में मलबे से 28 लोगों को निकाला गया है। जीवित मिले लोगों में से 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचने वालों में एक बच्ची भी शामिल है जो हादसे में मरे अपने माता-पिता के शवों के बीच सुरक्षित थी।
हादसे के कारणों की जांच जारी है। राहतकर्मियों ने बताया कि जो मकान ढहे हैं, उनका निर्माण ग्रामीणों ने किया था। ध्वस्त मकानों के पास 5 और मकान हैं जो 1970 के दशक में बनाए गए थे। ये मकान क्षतिग्रस्त नहीं हुए हैं, लेकिन किसी अन्य हादसे से बचने के लिए राहमकर्मी इन मकानों को गिराने में लगे हैं।
चीन में हाल के वर्षों में निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण अनेक मकान ढह चुके हैं जिनमें कई लोगों की जान गई है।