Edited By ,Updated: 08 Oct, 2016 01:40 PM
रूस सरकार द्वारा अमरीकी राजनीतिक संगठनों की हैकिंग के अमेरीका के आरोपों को क्रेमलिन ने ‘‘बकवास’’ करार दिया है...
मास्को : रूस सरकार द्वारा अमरीकी राजनीतिक संगठनों की हैकिंग के अमेरीका के आरोपों को क्रेमलिन ने ‘‘बकवास’’ करार दिया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कल रूस की समाचार एजेंसी इंटरफाक्स को बताया, ‘‘एक बार फिर यह एक तरह की बकवास है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर दिन सैकड़ों हैकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की वेबसाइट को हैक करने का प्रयत्न करते हैं। इनमें से कई हमले अमरीका के क्षेत्र से किए जाते हैं लेकिन हर बार हम व्हाइट हाउस और लैंगली पर आरोप नहीं लगाते हैं।’’
अमेरिकी अधिकारियों ने कल औपचारिक तौर पर रूस की सरकार पर अमेरिकी राजनीतिक संगठनों पर साइबर हमले करने का निर्देश देने का आरोप लगाया था। उसका कहना था कि रूस अमेरिकी चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप के लक्ष्य से एेसा कर रहा है।