Edited By Punjab Kesari,Updated: 29 Dec, 2017 07:35 PM
चारा घोटाले मामले में दोषी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मिलने वालों की भारी संख्या को देखते हुए रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों ने बताया कि यादव से जेल में मिलने के लिए चार स्तरीय सुरक्षा...
रांची : चारा घोटाले मामले में दोषी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मिलने वालों की भारी संख्या को देखते हुए रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों ने बताया कि यादव से जेल में मिलने के लिए चार स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। राजद अध्यक्ष के जेल में आने के बाद से अन्य कैदियों के मुलाकातियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जेल मैनुअल का हवाला देते हुए दो दिनों से यादव से किसी भी राजद नेता को नहीं मिलने दिया गया है।
जेल गेट के बाहर 300 मीटर पहले बैरिकेटिंग भी लगाई गई है। इसके बाद दूसरे गेट पर सुरक्षाबलों को तैनात कर गेट को बंद रखा जा रहा है। तीसरे गेट के पास भी सुरक्षाबल तैनात हैं। चौथा गेट जो जेल के अंदर जाता है, वह भी सुरक्षाबलों से भरा पड़ा है।
राजद अध्यक्ष के जेल में आने के बाद से रैफ, जैप और जिला पुलिस के करीब 250 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। जेल प्रशासन ने गेट के बाहर एक रजिस्टर रखा है, जिसमें राजद अध्यक्ष से मिलने की इच्छा रखने वाले नेता-कार्यकर्ता अपना नाम और पता लिख देते हैं। इस रजिस्टर को लालू प्रसाद को दिखाया जाता है।