Edited By ,Updated: 18 Feb, 2015 11:51 AM
पाकिस्तान के अमरकोट के राणा हमीर सिंह सोढा के बेटे करणी सिंह और जयपुर के ठाकुर मानसिंह कानोता की बेटी पद्मिनी 20 फरवरी को परिणय सूत्र में बंधने वाले है।
नई दिल्ली: पाकिस्तान के अमरकोट के राणा हमीर सिंह सोढा के बेटे करणी सिंह और जयपुर के ठाकुर मानसिंह कानोता की बेटी पद्मिनी 20 फरवरी को परिणय सूत्र में बंधने वाले है। इनकी शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इनकी शादी का मुख्य आयोजन स्थल नारायण निवास है, लेकिन कई कार्यक्रम कानोता गढ़ में भी होंगे।
कानोता ने बताया कि बाराती पिछले सप्ताह से आना शुरू हो गए थे। सभी मेहमान 18 से 19 फरवरी तक जयपुर पहुंचेंगे। जबकि पाकिस्तान से करीब सवा सौ बारातियों को भारत आने का वीजा मिला है। पाकिस्तान की राजनीति में दखल रखने वाले वीआईपी इस शादी की शान होंगे। बॉलीवुड एक्टर राहुल सिंह भी इस शादी के लिए जयपुर में हैं। वहीं, सोढा परिवार करीब डेढ़ महीने से जयपुर में ही है और अब होली मनाकर ही पाकिस्तान लौटेगा, ताकि सभी रस्मों को सही ढंग से पूरा किया जा सकें।
दरअसल, राणा हमीर सिंह के पिता राणा चंद्र सिंह पाकिस्तान के असेम्बली सदस्य (एमएनए) थे और इस परिवार की भुट्टो परिवार से नजदीकियां रही हैं। इसलिए पाकिस्तान से कुछ एमएनए भी शादी में शिरकत करेंगे, जिनमें सत्तार बचानी, कमाल चंग, लाल माल्ही और एमएनए व धर्मगुरु पीर नूर मोहम्मद शाह जिलानी शामिल हैं। मेहमानों को ठहराने के लिए शहर के पांच और तीन सितारा होटल्स बुक किए गए हैं। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी आमंत्रण स्वीकार कर शादी में आने की हामी भरी है।