Edited By ,Updated: 16 Jul, 2015 03:38 PM
महाराष्ट्र में खदान में एक युवक को गलती से चोर समझकर तीन लोगों ने कथित रूप से पत्थर मार मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना राज्य के ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे के फूले नगर इलाका की है।
ठाणे: महाराष्ट्र में खदान में एक युवक को गलती से चोर समझकर तीन लोगों ने कथित रूप से पत्थर मार मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना राज्य के ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे के फूले नगर इलाका की है। पुलिस ने आज बताया कि पीड़ित की पहचान शिवशंकर एस. बनसोड़े के रूप में हुई है, जो कल अपने कुछ दोस्तों के साथ इस खदान में गया था। वहां मछली पकडऩे का एक तालाब भी है। उन्होंने बताया कि खदान के मालिक के एक रिश्तेदार सूरज पाटिल ने उसे गलती से चोर समझ लिया जिसके बाद वह और उनके दो अंगरक्षकों ने युवक पर पत्थर मार कर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि हमले में बनसोड़े के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पाटिल और उसके अंगरक्षकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार रोकथाम) कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। यह खदान धीरज पाटिल नामक व्यक्ति से संबंधित है। भिवंडी-पश्चिम के सहायक पुलिस आयुक्त रवींद्र भोसले मामले की जांच कर रहे हैं।