Bisleri ने FSSAI की कार्रवाई पर दी सफाई, कहा- मामला 14 महीने पुराना; पानी के सैंपल की रिपोर्ट में विरोधाभास

Edited By Updated: 23 Nov, 2026 06:39 PM

bisleri issues clarification regarding fssai action

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) ने गोवा स्थित अपने प्लांट के पानी के सैंपल फेल होने और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दिए जाने के मामले में आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी ने सफाई...

नेशनल डेस्क : पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) ने गोवा स्थित अपने प्लांट के पानी के सैंपल फेल होने और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दिए जाने के मामले में आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी ने सफाई देते हुए कहा कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है। साथ ही, उसने दावा किया कि अलग-अलग प्रयोगशालाओं में जांच के दौरान पानी के सैंपल को लेकर विरोधाभासी रिपोर्ट सामने आई हैं।

बिसलेरी इंटरनेशनल के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI की टीम ने गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से पानी के कुल छह नमूने लिए थे। इनमें से पांच नमूने सभी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे थे। हालांकि, छठे नमूने की शुरुआती जांच में ब्रोमेट (Bromate) का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

दो लैब की रिपोर्ट में सामने आया अंतर

कंपनी ने बताया कि नवंबर 2025 में अपील के बाद संबंधित नमूने को रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा गया था। इस जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन रिपोर्ट में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी का उल्लेख किया गया।

बिसलेरी के अनुसार, दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद कंपनी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में उसी बैच के पानी की दोबारा जांच कराई। कंपनी का दावा है कि इस जांच में पानी सभी सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरा उतरा।

FSSAI के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही

अपने आधिकारिक बयान में कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी ने यह भी कहा कि गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उसकी ओर से लगातार निगरानी की जाती है। बिसलेरी ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को उचित नियामक प्रक्रिया के तहत सुलझाने के लिए FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, गोवा स्थित बिसलेरी प्लांट से लिए गए पानी के नमूनों की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाया है। करीब नौ महीने तक इस मामले में कोई बड़ी सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आने के बाद रविवार, 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने घोषणा की कि दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं में जांच के दौरान नमूनों के निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरने के आधार पर बिसलेरी के खिलाफ अदालत में अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी गई है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!