Edited By Anu Malhotra,Updated: 12 Sep, 2026 02:01 PM

राजस्थान के बारां जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। नगर निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म होते ही वार्ड 16 से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार अपने पति और 7-8 साल के मासूम बच्चे के साथ अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई...
बारां: राजस्थान के बारां जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। नगर निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म होते ही वार्ड 16 से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार अपने पति और 7-8 साल के मासूम बच्चे के साथ अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी है।
लापता उम्मीदवार की पहचान वकील अंतिमा यादव के तौर पर हुई है। उनके पति संजय यादव भी वकील हैं। परिवार के मुताबिक, 9 सितंबर को वोटिंग खत्म होने के बाद से ही यह जोड़ा और उनका 7-8 साल का बच्चा लापता है। तीनों के मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं, जिससे परिजनों और स्थानीय बीजेपी नेताओं में हड़कंप मच गया है।
अंतिमा के रिश्तेदार राजेंद्र यादव (जो पोलिंग एजेंट थे) ने बताया कि अंतिमा को वोटिंग के दिन शाम 5 बजे तक अंबेडकर भवन स्थित मतदान केंद्र पर देखा गया था। वोटिंग समाप्त होने के बाद वह घर के लिए निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि चुनाव प्रचार और पोलिंग सेंटर से लौटते समय अज्ञात बदमाशों ने पूरे परिवार का जबरन अपहरण कर लिया है। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो अंतिमा की सास अंगूरी बाई और मां कृष्णा बाई ने कोतवाली थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई।
इस घटना से BJP में भी चिंता बढ़ गई है, खासकर इसलिए क्योंकि वोटिंग खत्म होने के बाद से पार्टी अंतिमा से संपर्क नहीं कर पाई है। बीजेपी के नगर अध्यक्ष ओपी पारेता ने बताया कि मतदान के बाद फीडबैक लेने के लिए प्रत्याशियों से संपर्क किया जाता है, लेकिन अंतिमा से कोई संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड 16 में बीजेपी की स्थिति मज़बूत मानी जा रही थी और पार्टी को यह सीट जीतने की उम्मीद थी। कोतवाली पुलिस ने अंतिमा, उनके पति और उनके बच्चे की गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके के आस-पास की सड़कों और रास्तों के CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है।