Edited By ,Updated: 23 Jan, 2017 12:53 PM
मुंबई कांग्रेस में विभिन्न गुटों के बीच मतभेदों को सुलझाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने अनुभवी नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को नियुक्त किया है।
नई दिल्ली: मुंबई कांग्रेस में विभिन्न गुटों के बीच मतभेदों को सुलझाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने अनुभवी नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को नियुक्त किया है। पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हुड्डा को मुंबई कांग्रेस के विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी है। वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत ने बताया कि हुड्ड 25 जनवरी को मुंबई कांग्रेस के विभिन्न गुटों से मुलाकात करके उनके पक्षों को सुनेंगे।
कामत ने एक ट्वीट में कहा कि गांधी के कार्यालय ने मुझे सूचित किया है कि हुड्डा विवादों को सुलझाने के लिए 25 जनवरी को मुंबई कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करेंगे। मुंबई कांग्रेस को नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर गुटबाजी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी के पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े के हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से कांग्रेस को एक तगड़ा झटका लगा था। हेगड़े ने मुंबई कांग्रेस के प्रमुख संजय निरूपम पर पार्टी के समर्पित नेताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया था।