Edited By vasudha,Updated: 01 Aug, 2018 11:20 AM
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परेश धानाणी ने आज आरोप लगाया कि भाजपा शासित गुजरात में महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं क्योंकि राज्य सरकार बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे पार्टी के नेताओं को बचा रही है...
नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परेश धानाणी ने आज आरोप लगाया कि भाजपा शासित गुजरात में महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं क्योंकि राज्य सरकार बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे पार्टी के नेताओं को बचा रही है। भाजपा के पूर्व विधायक जयंती भानुशाली के खिलाफ एक महिला से कथित बलात्कार को लेकर दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए विपक्ष के नेता ने कहा कि भगवा नेता के खिलाफ मामला मीडिया में आने के बाद दर्ज किया गया। पुलिस ने अभी भानुशाली को गिरफ्तार नहीं किया है।
धानाणी की टिप्पणी गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के एक बयान के कुछ दिन बाद आई है। रूपाणी ने कहा था कि सरकार निष्पक्ष रहेगी और मामले की जांच को प्रभावित नहीं करेगी। धानाणी ने गांधीनगर में पत्रकारों से कहा कि भाजपा सरकार ‘बेटी बचाव’ जैसे नारे गढ़ कर महिला सुरक्षा के लिए सिर्फ मौखिक रूप से समर्थन दे रही है। गुजरात में दो दिन में पांच महिलाओं से बलात्कार होता है जबकि 18 महिलाएं रोज लापता हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं पर ऐसा अत्याचार हो रहा है तो भाजपा का चुप रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बलात्कार के आरोपी अपने नेताओं को बचा रही है और उनपर कार्रवाई नहीं कर रही है।