Edited By Tanuja,Updated: 24 Nov, 2026 04:11 PM

शेख हसीना के 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने के दावे के बीच विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्हें हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है। हसीना ने ढाका सरकार से विमान भेजने का आग्रह किया है। भारत में उनके प्रत्यर्पण अनुरोध...
Dhaka: बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है। स्थानीय मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई है। हसीना पांच अगस्त, 2024 को छात्र-नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों के कारण उनकी सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत चली गई थीं और तब से वहीं रह रही हैं। बांग्लादेश भारत से हसीना (79) के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि नयी दिल्ली का कहना है कि ढाका के प्रत्यर्पण अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है। हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने मंगलवार को एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि वह 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी।
बांग्लादेश 1971 के युद्ध के बाद पाकिस्तान से मिली आजादी की याद में इस दिन विजय दिवस मनाता है। हसीना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। प्रवक्ता ने कहा, ''चूंकि शेख हसीना को पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, इसलिए अब वह सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी के लिए हवाई यात्रा की व्यवस्था करने का आग्रह करती हैं।'' खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए कबीर ने कहा, ''उन्हें केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।''
सरकारी समाचार एजेंसी 'बीएसएस' ने कबीर के हवाले से कहा, ''हसीना क्या चाहती हैं और वास्तव में क्या हो सकता है, इन दोनों के बीच अंतर करना जरूरी है।'' हसीना की वापसी का मुद्दा बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव का एक बड़ा कारण बन गया है। इस महीने की शुरुआत में सरकार द्वारा नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के हसीना के अनुरोध को ठुकराए जाने के बाद बांग्लादेश में एक बार फिर अशांति फैल गई।