उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसाः 100 मीटर गहरी खाई में गिरी ईको वैन, सात महिलाओं समेत 8 की दर्दनाक मौ'त

Edited By Updated: 29 Nov, 2026 09:02 AM

horrific road accident eeco van falls into 100 meter deep gorge 8 people killed

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पौड़ीः उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल विकासखंड के कोटनाली भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी कार्य से सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक अनिल देवराड़ा निवासी भंगलवाण गांव और सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, दुर्घटना में घायल एक अन्य महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में मृतकों की संख्या आठ हो गई। वाहन में करीब 12 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!