चीन के दबदबे बावजूद बढ़ा भारत का रुतबा; 2026 में देश बना और ताकतवर; एशिया पावर इंडेक्स में PM मोदी दूसरे नंबर पर

Edited By Updated: 23 Nov, 2026 01:08 PM

india gains influencein asia power index 2026

एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत का समग्र स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। चीन से शक्ति का अंतर 2018 के बाद सबसे कम हुआ। प्रधानमंत्री मोदी क्षेत्रीय नेतृत्व में दूसरे स्थान पर हैं। रक्षा सहयोग, व्यापारिक संबंधों और सांस्कृतिक प्रभाव में बढ़त ने भारत...

New Delhi: आर्थिक मोर्चे पर कुछ चुनौतियों और पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान सीमित कूटनीतिक सक्रियता के बावजूद भारत ने 2026 में एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाने में कामयाबी हासिल की है।  2018 में इस सूचकांक की शुरुआत के बाद पहली बार भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। क्षेत्रीय नेतृत्व के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरा सबसे प्रभावी नेता आंका गया है।   एशिया पावर इंडेक्स के अनुसार, भारत का समग्र शक्ति स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। हालांकि चीन अब भी भारत से करीब 80 प्रतिशत अधिक शक्तिशाली है, लेकिन दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर 2018 में सूचकांक की शुरुआत के बाद सबसे कम हो गया है।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के लिए 2026 आर्थिक और कूटनीतिक लिहाज से मिला-जुला साल रहा। आर्थिक क्षमता के मामले में भारत का स्कोर थोड़ा घटकर 26.4 अंक रह गया, लेकिन उसने तीसरा स्थान बरकरार रखा। रुपये की कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की अर्थव्यवस्थाओं के आकलन की पद्धति में बदलाव से भारत की तुलनात्मक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की स्थिति प्रभावित हुई। इसके अलावा विदेशों में भारत का निवेश भी करीब 20 अरब डॉलर घटा। हालांकि भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत की स्थिति बेहतर हुई। इस श्रेणी में उसका स्कोर बढ़कर 56.2 अंक पहुंच गया। इसकी प्रमुख वजह देश की अर्थव्यवस्था को लेकर बेहतर हुआ पूर्वानुमान रहा। यह संकेत देता है कि आने वाले वर्षों में भारत के पास आर्थिक विकास और अपनी शक्ति बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

 

मोदी दूसरे नंबर पर
रिपोर्ट में कूटनीतिक प्रभाव को भारत का सबसे मजबूत पक्ष बताया गया है। इस श्रेणी में भारत का स्कोर मामूली गिरावट के बावजूद 70.3 अंक रहा। जहां अधिकांश देशों का कूटनीतिक प्रभाव कमजोर हुआ, वहीं भारत ने अपनी स्थिति काफी हद तक बनाए रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों की राय में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसके चलते भारत तीन स्थान ऊपर पहुंचा। अब मोदी को एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है। इस मामले में वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि वैश्विक नेतृत्व और रणनीतिक महत्वाकांक्षा के मामले में मोदी की छवि को लेकर आकलन कमजोर हुआ है। इसका एक कारण पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान भारत की अपेक्षाकृत सीमित कूटनीतिक सक्रियता रही। भारत की इस स्थिति का उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब अमेरिका की एक पनडुब्बी ने भारत की मेजबानी में आयोजित नौसैनिक अभ्यास से लौट रहे ईरानी युद्धपोत को डुबो दिया और भारत की प्रतिक्रिया काफी सीमित रही।

 

रक्षा संबंधों और सांस्कृतिक प्रभाव में भी बढ़त
भारत ने एशिया में अपने आर्थिक और रक्षा संबंधों को स्थिर बनाए रखने में भी सफलता हासिल की। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में अपेक्षाकृत स्थिरता के कारण भारत उन पांच देशों में शामिल रहा, जिनके आर्थिक संबंधों के स्कोर में गिरावट नहीं आई। इस श्रेणी में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गया।रक्षा नेटवर्क के मामले में भी भारत ने प्रगति की। क्षेत्रीय देशों के साथ बढ़ते रक्षा सहयोग और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत का स्कोर बढ़कर 18.6 अंक हो गया। इस श्रेणी में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंचा। वहीं सांस्कृतिक प्रभाव के मामले में भारत का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया। संस्कृति का अंतरराष्ट्रीय प्रसार, सूचनाओं का आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क जैसे तीनों क्षेत्रों में सुधार ने भारत की स्थिति मजबूत की।

 

 प्रभाव बढ़ाने में सफल रहा भारत
रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी उपलब्धियों का असर भारत की शक्ति के वास्तविक उपयोग पर भी पड़ा है। पहली बार 2023 के बाद भारत अपने उपलब्ध संसाधनों और वास्तविक समग्र प्रभाव के बीच के अंतर को कम करने में सफल रहा है। इस अंतर को पावर यील्ड कहा जाता है। इसके जरिए यह आकलन किया जाता है कि किसी देश के पास मौजूद संसाधनों के आधार पर जितनी शक्ति होने की उम्मीद है, उसकी तुलना में वह वास्तव में कितना प्रभावशाली है। भारत के पावर यील्ड में सुधार और भविष्य के संसाधनों के बढ़ते स्कोर से संकेत मिलता है कि देश एशिया में अपना प्रभाव आगे भी बढ़ाने की क्षमता रखता है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!