नए पार्टी अध्यक्ष को लेकर बोले कर्ण सिंह, प्रियंका गांधी संभालें जिम्मेदारी

Edited By Yaspal,Updated: 04 Aug, 2019 11:10 PM

karan singh said about the new party president

राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की उठती मांग के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने कहा है कि प्रियंका पार्टी प्रमुख के रूप में सबको ‘एकजुट करने वाली ताकत'' होंगी और इससे पार्टी कार्यकर्ताओं...

नई दिल्लीः राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की उठती मांग के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने कहा है कि प्रियंका पार्टी प्रमुख के रूप में सबको ‘एकजुट करने वाली ताकत' होंगी और इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा। सिंह ने यह भी कहा कि नेतृत्व के मुद्दे पर निर्णय न होने से कांग्रेस को ‘‘निश्चित रूप से नुकसान पहुंचा है।'' उन्होंने आगाह किया कि आगे और ‘‘नेतृत्वविहीन'' रहना पार्टी के लिए ‘‘गंभीर रूप से हानिकारक'' होगा।

पार्टी का अध्यक्ष युवा हो
कांग्रेस नेता ने पीटीआई के साथ साक्षात्कार में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा हाल में व्यक्त किए गए इस विचार से सहमति जताई कि किसी युवा नेता को पार्टी अध्यक्ष बनाना अधिक उपयुक्त होगा। पार्टी में ‘‘अनिर्णय की स्थिति'' से ‘‘चकित'' सिंह ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) में कुछ अत्यंत वरिष्ठ लोग हैं और उन्हें पहले ही एक साथ आगे आना चाहिए था तथा राहुल गांधी के इस्तीफे से उत्पन्न स्थिति को लेकर कुछ करना चाहिए था।

10 अगस्त को होगी पार्टी की बैठक
गांधी परिवार के करीबी सहयोगी एवं 50 साल से अधिक समय से कांग्रेस से जुड़े सिंह ने कहा, ‘‘कोई भी पार्टी को नेतृत्वविहीन नहीं छोड़ सकता।'' इस बीच, पार्टी ने रविवार को घोषणा की कि 10 अगस्त को सीडब्ल्यूसी की बैठक होगी। पार्टी ने पूर्व में कहा था कि सीडब्ल्यूसी की बैठक अगले बुधवार को समाप्त हो रहे संसद सत्र के बाद होगी। प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की पार्टी के भीतर उठती मांग के बारे में पूछे जाने पर कर्ण सिंह ने कहा कि यह प्रियंका का फैसला होगा और यदि वह जिम्मेदारी उठाने को सहमत होती हैं तो वह इसका स्वागत करेंगे।

प्रियंका गांधी एकजुट करने वाली ताकत होंगी
पार्टी के 88 वर्षीय नेता ने कहा कि निर्णय उन्हें (प्रियंका) लेना है और पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने के लिए उन्हें बाध्य नहीं किया जा सकता। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गांधी उपयुक्त उम्मीदवार होंगी, सिंह ने कहा, ‘‘स्थिति को देखते हुए और यह विचार करते हुए कि वह इस परिवार से संबंध रखती हैं, वह संभवत: सबको एकजुट करने वाली ताकत होंगी।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में प्रियंका गांधी किस तरह काम करती हैं, यह देखना होगा।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने 25 मई को पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और कहा था कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य पार्टी का अगला प्रमुख नहीं होगा। हालांकि सीडब्ल्यूसी ने अब तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है।

 

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!