Edited By Anil dev,Updated: 10 May, 2018 01:30 PM
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेस में कहा कि कर्नाटक में पार्टी मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने प्रचार के आखिरी दिन कहा कि कर्नाटक की जनता से बहुत कुछ सीखा है। कर्नाटक में हमारी पार्टी एकजुट है। हमने मौलिक विषयों को उठाया, कर्नाटक का...
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेस में कहा कि कर्नाटक में पार्टी मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने प्रचार के आखिरी दिन कहा कि कर्नाटक की जनता से बहुत कुछ सीखा है। कर्नाटक में हमारी पार्टी एकजुट है। हमने मौलिक विषयों को उठाया, कर्नाटक का विजन सामने रखा। उन्होंने दावा किया है कि कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ही जीतेगी। राहुल गांधी ने कहा विरोधियों ने हमपर निजी हमले किए। बीजेपी ने हमारे घोषणापत्र से कॉपी किया। उन्होंने कहा कि हमारे विरोधी निजी हमले कर रहे, लेकिन उनके पास विजन नहीं। जब पीएम मोदी की राफेल डील के बारे में राहुल गांधी से पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया, 'राफेल डील अच्छी है, यह मैं भी मानता हूं, लेकिन यह डील सिर्फ मोदी के मित्रों के लिए अच्छी हुई है।
दलितों की मौत पर क्यों चुप हैं मोदी?
पीएम के दलित वाले बयान पर राहुल ने कहा कि दलितों को मारा-पीटा जा रहा है, कुचल कर मार दिया जाता है। रोहित वेमुला को मारा जाता है, ऊना में दलितो को मारा जाता है, उत्तर प्रदेश में दलितों को मारा जाता है, मगर पीएम कुछ नहीं बोलते। राहुल ने कहा कि दलितों की आवाज उठाना हमारा काम है और हम आगे भी दलितों और गरीबों का मुद्दा उठाते रहेंगे। दलितों की मौत पर पीएम मोदी चुप क्यों हैं? उन्होंने रेड्डी ब्रदर्स पर भी हमला बोला और कहा कि उन्होंने यहां की जनता के पैसे को लूटा है और इन लोगों को बीजेपी प्रोटेक्ट कर रही है।
विदेश नीति पर साधा मोदी सरकार निशाना
उन्होंने मोदी सरकार की विदेश नीति पर भी निशाना साधा। राहुल ने कहा कि आज कोई भी पड़ोसी देश हमारे साथ नहीं खड़ा है। पाकिस्तान और चीन से भी रिश्ते और बदतर हो गए हैं। नेपाल भी भारत से खुश नहीं है। मोदी सरकार ने विदेश नीति से माहौल खराब ही किया है। डोकलाम प्रकरण और कश्मीर में अशांति इसका बहुत बड़ा उदाहरण है। साफ है कि मौजूदा सरकार की विदेश नीति पूरी तरह विफल रही है। हिंदुत्व के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे का सिर्फ चुनावी फायदा उठाती है। देश को बांटकर वह सियासत कर रही है। विकास के मुद्दे भाजपा के लिए कोई मायने नहीं रखते हैं। राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि संघ प्रदेश की विविधता और संस्कृति पर हमला करने वाला संगठन है। लोग इस बात को अब समझ रहे हैं। इस चुनाव में भाजपा को संघ के प्रचार से कोई फायदा नहीं होगा।
मेरी मां ने देश के लिए कुर्बानी दी
पीएम द्वारा सोनिया को इटैलियन मां कहे जाने के मुद्दे पर राहुल ने कहा कि मेरी मां ने देश के लिए कुर्बानी दी, उन्होंने बहुत सहा है। क्या निजी हमले करना सही है? वहीं पीएम के चीन दौरे पर राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बहुत उम्मीद थी कि पीएम दोकलम पर कुछ बोलेंगे लेकिन पीएम ने दोकलम पर एक शब्द भी नहीं कहा। चीन के राष्ट्रपति से पीएम ने बिना किसी एजेंडे के बात की।