गाड़ी का चालान कट गया है? बिना लंबा इंतजार किए इवनिंग कोर्ट में ऐसे करें भुगतान

Edited By Updated: 21 Nov, 2026 07:24 PM

make payments in the evening court without a long wait

अगर आपकी गाड़ी का ट्रैफिक चालान कट गया है और आप उसे भरने के लिए लोक अदालत की लंबी लाइनों में नहीं लगना चाहते तो आपके पास एक और विकल्प है। दिल्ली में वाहन चालक इवनिंग कोर्ट के जरिए भी अपने ट्रैफिक चालान का निपटारा कर सकते हैं।

नई दिल्ली: अगर आपकी गाड़ी का ट्रैफिक चालान कट गया है और आप उसे भरने के लिए लोक अदालत की लंबी लाइनों में नहीं लगना चाहते तो आपके पास एक और विकल्प है। दिल्ली में वाहन चालक इवनिंग कोर्ट के जरिए भी अपने ट्रैफिक चालान का निपटारा कर सकते हैं। इसके लिए पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होता है। इसके बाद तय तारीख और समय पर कोर्ट पहुंचकर चालान से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

समय पर चालान भरना क्यों जरूरी है?

ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर चालान कटने के बाद उसे समय पर निपटाना जरूरी है। लंबे समय तक चालान का भुगतान नहीं करने पर मामला कोर्ट तक पहुंच सकता है। इससे वाहन मालिक को परेशानी हो सकती है। कई लोग कम जुर्माने या राहत की उम्मीद में लोक अदालत का इंतजार करते हैं, लेकिन वहां काफी भीड़ रहती है। लंबी कतारों के अलावा टोकन लेने में भी दिक्कत हो सकती है। ऐसे में इवनिंग कोर्ट एक वैकल्पिक सुविधा है, जहां वाहन चालक नियमित अदालत के कामकाज के बाद अपने चालान से जुड़े मामले निपटा सकते हैं।

शाम 5 से 7 बजे तक मिलती है सुविधा

इवनिंग कोर्ट सामान्य अदालतों के कामकाज के बाद लगती है। दिल्ली में यह सुविधा आमतौर पर कार्यदिवसों में शाम 5 बजे से 7 बजे तक उपलब्ध रहती है। अगर आप अपनी गाड़ी बेचने की तैयारी कर रहे हैं या उसके दस्तावेजों से जुड़े बकाया चालान क्लियर करना चाहते हैं तो इस विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इवनिंग कोर्ट के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट कैसे लें?

इवनिंग कोर्ट में चालान का निपटारा कराने के लिए सबसे पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।

इसके बाद इन स्टेप्स को फॉलो करें:
1. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर जाएं।
2. वहां Online Appointment for Evening Court विकल्प पर क्लिक करें।
3. अगले पेज पर अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
4. इसके बाद गाड़ी से जुड़े बकाया चालान की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
5. अपनी सुविधा के अनुसार कोर्ट, तारीख और समय चुनें।
6. अपॉइंटमेंट बुक होने के बाद मिलने वाले टोकन को डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकाल लें।
7. तय तारीख और समय पर जरूरी दस्तावेजों के साथ कोर्ट पहुंचें।

RC से लिंक मोबाइल नंबर रखें अपडेट
इवनिंग कोर्ट के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेते समय एक बात का ध्यान रखना जरूरी है। बुकिंग के दौरान आने वाला OTP उसी मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा, जो आपकी गाड़ी की RC यानी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट से जुड़ा हुआ है। अगर आपका मोबाइल नंबर RC में अपडेट नहीं है तो पहले वाहन पोर्टल (VAHAN Portal) पर जाकर उसे अपडेट करवाएं। इससे अपॉइंटमेंट लेने में परेशानी नहीं होगी।

फर्जी वेबसाइट और ऐप से रहें सावधान
ट्रैफिक चालान पर छूट दिलाने का दावा करने वाली अनजान वेबसाइट और मोबाइल ऐप से सावधान रहें। कई बार साइबर ठग कम पैसों में चालान खत्म कराने का लालच देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हैं। इसलिए चालान का भुगतान और अपॉइंटमेंट केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल के माध्यम से ही करें।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!