मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर नड्डा ने मीसा की निंदा की, कहा:‘इंडी' के आधे नेता जेल में, तो आधे ‘बेल' पर

Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Apr, 2024 08:23 PM

nadda condemns misa for remarks against modi

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे पी नड्डा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जेल संबंधी टिप्पणी करने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता मीसा भारती पर निशाना साधा और दावा किया कि ‘इंडी' ब्लॉक के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों...

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे पी नड्डा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जेल संबंधी टिप्पणी करने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता मीसा भारती पर निशाना साधा और दावा किया कि ‘इंडी' ब्लॉक के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार को देखकर विपक्षी गठबंधन बौखला गया है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती ने हाल में बिहार के पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान केंद्र पर हमला किया, जहां से वह अपनी पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं।

मीसा भारती ने कहा कि अगर विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन सत्ता में आया तो प्रधानमंत्री मोदी सलाखों के पीछे होंगे। नड्डा ने आज यहां एक चुनावी सभा में कहा, ''इंडी गठबंधन के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर हैं। क्या आप ऐसे लोगों को सरकार सौंपना चाहते हैं? इंडी गठबंधन हताश हो गया है क्योंकि उसके नेताओं को एहसास हो गया है कि उनकी हार आसन्न है। वे एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं और हताशा में मोदीजी को गालियां दे रहे हैं।" उन्होंने कहा, "कल मीसा भारती ने कहा कि अगर उनकी सरकार आएगी तो मोदी जी को जेल भेज दिया जाएगा। मोदी जी ने बिना किसी दोष के 12 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और 10 वर्षों तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।

उन्होंने देश को परिवार मानकर सेवा की लेकिन लालू यादव की बेटी मीसा भारती इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं।'' उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से सवाल किया, "लालू यादव जमानत पर हैं कि नहीं? उनकी पत्नी राबड़ी जमानत पर हैं कि नहीं? उनका परिवार भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहा है कि नहीं - नौकरी के बदले जमीन घोटाला, चारा घोटाला उनके हैं कि नहीं - इस तरह के लोग यह भाषा बोल रहे हैं। क्या आप सभी इस प्रकार की भाषा को स्वीकार करते हैं?” उन्होंने दावा किया कि लोग प्रधानमंत्री मोदी के पीछे मजबूती से खड़े हैं।

उन्होंने कहा, ''यह विपक्षी गठबंधन दो कारणों से अस्तित्व में आया - मोदी कहते हैं- भ्रष्टाचार मिटाओ, लेकिन वे (विपक्षी नेता) कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ। ये सभी भ्रष्ट लोग एक साथ आ गए हैं...एक तरह के पंख के पक्षी एक साथ झुंड में आते हैं। दूसरी बात ये कि ये पार्टियां अपने परिवार को बचाने के लिए एक साथ आए हैं।'' विपक्ष पर हमला करते हुए, नड्डा ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव के नेतृत्व में एक लैपटॉप घोटाला हुआ था, लालू यादव को चारा घोटाले में दोषी ठहराया गया था, जबकि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार के मंत्रियों द्वारा शिक्षक भर्ती घोटाला किया गया था।

नड्डा ने आरोप लगाया कि राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भर्ती घोटाले में शामिल थे और केसीआर (के.चंद्रशेखर राव) और के टी आर (के.टी. रामाराव) (भारत राष्ट्र समिति के) ने शराब घोटाला किया। नड्डा ने लोगों से सवाल किया, "दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले में जेल में हैं, झामुमो भूमि घोटाले में शामिल था। क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी जमानत पर बाहर नहीं हैं? क्या पी. चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति जमानत पर बाहर नहीं हैं? इनमें से आधे (विपक्षी) नेता जेल में हैं। क्या आप ऐसे लोगों को शासन सौंपेंगे।"

नड्डा ने कहा कि भाजपा के खिलाफ खड़ी ज्यादातर पार्टियां पारिवारिक इकाइयां हैं और उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अब्दुल्ला, चौटाला (आईएनएलडी), बादल (शिअद), अखिलेश यादव (सपा), लालू यादव (राजद), एनसीपी (एसपी) के शरद पवार और सुप्रिया सुले, द्रमुक के एमके स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि के साथ-साथ शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव और आदित्य ठाकरे का उदाहरण दिया। नड्डा ने दावा किया कि एकमात्र पार्टी जो लोकतांत्रिक तरीके से चलती है वह भारतीय जनता पार्टी है। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग शासन के दौरान कोयला घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला, चीनी घोटाला, चावल घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूजी) घोटाला, 2जी और 3जी घोटाले जैसे कई घोटाले हुए। उन्होंने कहा, " कांग्रेस के घोटालों ने तीनों लोकों को झकझोर कर रख दिया - आकाश, जमीन और भूमि के अंदर।'' 

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!