Edited By Anil dev,Updated: 16 Aug, 2022 01:01 PM
जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में बड़ा हादसा हुआ है। आईटीबीपी जवानों को लेकर जा रही बस चंदनवाड़ी इलाके में खाई में गिर गई। हादसे में 6 जवानों की मौत हो गई है और 30 घायल हैं। आईटीबीपी कर्मी अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी करने के बाद लौट रहे थे। कश्मीर में...
नेशनल डेस्क: जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में बड़ा हादसा हुआ है। आईटीबीपी जवानों को लेकर जा रही बस चंदनवाड़ी इलाके में खाई में गिर गई। हादसे में 6 जवानों की मौत हो गई है और 30 घायल हैं। आईटीबीपी कर्मी अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी करने के बाद लौट रहे थे। कश्मीर में 39 जवानों संग हादसे की खौफनाक तस्वीरें सामने आई हैं जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि यह हादसा कितना खतरनाक था।
एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आईटीबीपी के 37 जवानों और दो पुलिसकर्मियों को ले जा रही बस चंदनवाड़ी और पहलगाम के बीच गहरी खाई में गिर गई। शुरुआती जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के 6 कर्मियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में आईटीबीपी के 25 जवान और दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। बस चंदनवाड़ी से यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष आ रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस में सवार जवान अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। घटनास्थल के लिए आईटीबीपी के कमांडोज को रवाना किया गया है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जा सके। हादसे में जख्मी हुए जवानों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर आर्मी हॉस्पिटल भेजा गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।