Edited By Ravi Pratap Singh,Updated: 19 Jul, 2019 04:15 PM
रात को सोते समय अगर मच्छर आपकी नींद में खलल डालते हैं तो आने वाले समय में आपको इससे निजात मिलने वाली है। क्योंकि चीन ने इससे निपटने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
बीजिंगः रात को सोते समय अगर मच्छर आपकी नींद में खलल डालते हैं तो आने वाले समय में आपको इससे निजात मिलने वाली है। क्योंकि चीन ने इससे निपटने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चीन के वैज्ञानिकों ने एक विशेष तकनीक की मदद से दो द्वीपों से मच्छरों का पूरी तरह से सफाया कर दिया है। हालांकि इसमें दो वर्ष का समय लगा। विज्ञान पत्रिका नेचर में प्रकाशित शोध के अनुसार, चीन के वैज्ञानिकों ने मच्छरों से निजात पाने के लिए इनकंपैटिबल और स्टराइल इंसेक्ट तकनीक (आइआइटी/एसआइटी) को मिलाकर एक प्रयोग किया था। इसकी मदद से गुआंगझाओ शहर में पर्ल नदी के किनारे स्थित दो द्वीपों से एशियन टाइगर नाम की मच्छरों की एक प्रजाति को पूरी तरह खत्म कर दिया है।
क्या है एसआइटी तकनीक?
- एसआइटी तकनीक में रेडिएशन की मदद से नर मच्छरों को नपुंसक बना दिया जाता है।
- इस तरह से धीरे-धीरे कुछ समय में मच्छर पूरी तरह खत्म हो जाते हैं।
- इस प्रक्रिया में चीन के वैज्ञानिकों ने वोल्बाचिया बैक्टीरिया की भी मदद ली।
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
दुनिया भर में मच्छरों से जीका, मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियां फैल रही है। उसे देखते हुए यह तकनीक अहम हो गई। आने वाले दिनों में चीन एक बड़े शहरी इलाकों में इस तकनीक का परीक्षण करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि कृषि क्षेत्र में कुछ कीटों को खत्म करने के लिए एसआइटी का प्रयोग दशकों से हो रहा है, लेकिन मच्छरों को लेकर इनका प्रयोग करने की कोशिश हाल ही में हुई है।