हिंद-प्रशांत में भारत की ताकत बढ़ाने निकले मोदी, फिलीपीन पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत (Video)

Edited By Updated: 16 Nov, 2026 07:14 PM

pm modi receives rousing welcome upon arrival in philippines

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अहम क्षेत्रीय सम्मेलनों में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंचे हैं। वह 23वें आसियान-भारत और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। चीन, अमेरिका, रूस और जापान समेत कई देशों के नेताओं के साथ व्यापार, समुद्री...

Manila: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलनों में हिस्सा लेने के लिए फिलीपीन पहुंचे, जिनका उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशियाई और पूर्वी एशियाई देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करना है। मोदी मंगलवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वह फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर यहां पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, '' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपीन की राजधानी मनीला पहुंचे। वहां पहुंचने पर, फिलीपीन के सूचना और संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव, रॉबर्ट जोसेफ 'जे' मोंटेस डी क्लारो ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।'' इसने लिखा, ''यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को उसकी 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और 'भारत-प्रशांत दृष्टि' के एक आधारस्तंभ के रूप में फिर से पुष्ट करती है।''

 

सोमवार को मनीला रवाना होने से पहले मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी 'एक्ट ईस्ट' नीति के केंद्र में हैं और 'महासागर' विजन में भी इनका महत्वपूर्ण स्थान है। 'महासागर' का अर्थ विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति है। यह भारत का विस्तारित वैश्विक समुद्री दृष्टिकोण है। फिलीपीन रवाना होने से पहले जारी अपने बयान में मोदी ने कहा कि वह ''आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में अन्य नेताओं के साथ मिलकर व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास, संपर्क तथा समृद्धि के साझा लक्ष्यों को नयी गति देने के लिए ''उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आसियान के साथ भारत के संबंधों की जड़ें सदियों पुराने सांस्कृतिक विनिमय में समाहित हैं तथा अब ये संबंध एक गतिशील साझेदारी के रूप में विकसित हो गए हैं जिसमें व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच आपसी संबंध जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।

 

मोदी ने कहा, '' पूर्व एशिया सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर बातचीत के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। मैं हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के विषय पर भाग लेने वाले नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए उत्सुक हूं।'' उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी में नयी ऊर्जा का संचार करेगी तथा एक शांतिपूर्ण, समृद्ध एवं लचीले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। मोदी ने यात्रा से पूर्व सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''भारत, आसियान देशों के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को बहुत अधिक महत्व देता है। मैं फिलीपीन में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूं।'' वर्ष 1967 में स्थापित आसियान को इस क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली संगठनों में से एक माना जाता है। इसके 11 सदस्य देशों में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके संवाद साझेदार हैं।

 

हिंद महासागर से जुड़ा देश होने और महत्वपूर्ण दक्षिण-पूर्व एशियाई समुद्री क्षेत्र के निकट होने के कारण, भारत आसियान सदस्यों के साथ - सामूहिक और व्यक्तिगत, दोनों स्तरों पर - मजबूत रणनीतिक संबंध बनाए रखने को अहम मानता है। ऐसा करना तेजी से हो रहे भू-राजनीतिक बदलावों के बीच लचीलापन बढ़ाने और एशिया में शांति एवं स्थिरता लाने में योगदान देने के लिए जरूरी है। विदेश मंत्रालय ने 12 नवंबर को कहा था कि समुद्री सहयोग एक प्राथमिकता बना रहेगा तथा भारत समुद्री क्षेत्र की जागरूकता, समन्वित गश्त, समुद्री डकैती तथा अवैध, बिना रिपोर्ट की गई और अनियंत्रित मछली पकड़ने की गतिविधियों से निपटने एवं समुद्र में सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करना चाहता है। आसियान के सदस्य देशों के अलावा पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस भी शामिल हैं। 

 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!