राहुल गांधी आज बालाघाट जाएंगे, संक्रामक बीमारी से जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों से मिलेंगे

Edited By Updated: 01 Oct, 2026 12:44 AM

rahul gandhi will visit balaghat today

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 1 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले बालाघाट का दौरा करेंगे।

भोपालः लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 1 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले बालाघाट का दौरा करेंगे। इस दौरान वह पिछले कुछ महीनों में संदिग्ध संक्रामक बीमारियों के कारण अपनी जान गंवाने वाले 30 से अधिक मासूम बच्चों के पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर राहुल गांधी के इस दौरे की घोषणा की।

भाजपा सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार के शासन में प्रशासनिक लापरवाही और स्वास्थ्य व्यवस्था की अकर्मण्यता पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि मध्य प्रदेश में गरीब और आदिवासी परिवारों के लोग आखिर कब तक बुनियादी सुविधाओं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और विकास के अवसरों के अभाव में बदहाली झेलते रहेंगे। पटवारी ने मांग की है कि मासूम बच्चों की मौत के इस मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वंचित और शोषित आदिवासी समुदाय के अधिकारों, गरिमा और न्याय की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से बालाघाट आ रहे हैं।

हाई कोर्ट सख्त, स्वास्थ्य विभाग और कलेक्टर को नोटिस जारी
इस बीच, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर पीठ ने बालाघाट में 30 से अधिक बच्चों की मौत के मामले में दायर एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की खंडपीठ ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा बालाघाट कलेक्टर को नोटिस जारी किए हैं।

50 बेड के अस्पताल में 400 बच्चों का इलाज, दूषित पानी पीने को मजबूर
अदालत में दायर जनहित याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रभावित इलाकों में बच्चों को इलाज की समुचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और 50 बेड की क्षमता वाले अस्पताल में करीब 400 बच्चों का इलाज किया जा रहा है। याचिका में यह भी दावा किया गया है कि प्रभावित क्षेत्रों के हैंडपंपों से पीला व दूषित पानी आ रहा है तथा महिलाओं और बच्चों को कई महीनों से समय पर पौष्टिक आहार नहीं मिला है। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी कुछ दिन पहले बालाघाट का दौरा कर आदिवासी बच्चों की मौत पर सरकार को घेरा था।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!