Edited By Anil dev,Updated: 08 Dec, 2018 09:05 AM
राजस्थान में एक चुनावी सभा में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की तरह हमारे पास भी एक महिला हैं जो मुख्यमंत्री बन सकती हैं। उनके इस बयान के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। उनके इस बयान के बाद राजस्थान के उदयपुर से...
नई दिल्ली: राजस्थान में एक चुनावी सभा में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की तरह हमारे पास भी एक महिला हैं जो मुख्यमंत्री बन सकती हैं। उनके इस बयान के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। उनके इस बयान के बाद राजस्थान के उदयपुर से चुनाव लड़ रही गिरिजा व्यास पर चमत्कारिक प्रभाव पड़ा।
उनके सिपहसालारों ने उन्हें आश्वस्त किया कि राहुल के बयान का मतलब है कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो वह भी सी.एम. उम्मीदवार की दावेदार हैं लेकिन अब दुविधा यह है कि राज्य में चंद्रेश कुमारी नाम की एक दूसरी महिला भी हैं जो इस पद की दावेदार हैं। वह भी जोधपुर के राजसी परिवार से हैं।
उनका विवाह हिमाचल स्थित कांगड़ा के रॉयल परिवार में हुआ है। वह भी राज्य और केंद्र में मंत्री रह चुकी हैं। हालांकि उन्होंने पहले हिमाचल से चुनाव लड़ा। इसके बाद उन्होंने 2009 में जोधपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा। हालांकि इस बार उन्हें विधानसभा के चुनावों के लिए टिकट नहीं मिला इसलिए राजनीतिक लिहाज से उनकी संभावनाएं उतनी प्रबल नहीं हैं।