Edited By Pardeep,Updated: 06 Sep, 2019 09:39 PM
चन्द्रयान-2 मिशन संबंधी बयान के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि पूरा देश खुश है लेकिन वह ‘रो'' रही हैं और ‘निंदा तथा आलोचना'' की राजनीति कर रही हैं। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि...
नई दिल्लीः चन्द्रयान-2 मिशन संबंधी बयान के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि पूरा देश खुश है लेकिन वह ‘रो' रही हैं और ‘निंदा तथा आलोचना' की राजनीति कर रही हैं।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि चन्द्रयान-2 मिशन को लेकर यह पूरा तामझाम केन्द्र सरकार के शासन में उत्पन्न ‘आर्थिक संकट' से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास है। साथ ही बनर्जी ने यह भी कहा कि यह अपनी तरह का कोई पहला प्रयास नहीं है। बनर्जी के बयान पर पटलवार करते हुए भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि उन्होंने संभवत: आर्थिक संकट की बात की होगी लेकिन वास्तविकता में यह उनके विचारों का संकट है।
पात्रा ने कहा, ‘‘ममता बनर्जी का यह बयान सिर्फ उनकी निराशा है। ऐसे में जब देश खुशियां मना रहा है, वह रो रही हैं। ऐसी कोई वजह ही नहीं है कि चन्द्रयान-2 मिशन को राजनीति में घसीटा जाए।'' उन्होंने कहा कि भारत, भारतीय वैज्ञानिकों और संस्था को बधाई देने की जगह उन्होंने इस अवसर का लाभ भारत का ‘मजाक' बनाने के लिए उठाया।
पात्रा ने कहा कि वह सिर्फ राजनीति करती है जो बेहद निंदनीय है। ममता में भारत के लिए कोई ‘ममता' नहीं है। इसरो ने शुक्रवार को कहा कि चन्द्रयान-2 के चन्द्रमा की धरती पर उतरने से जुड़ा सबकुछ तय कार्यक्रम के अनुसार ही चल रहा है।