Edited By Pardeep,Updated: 13 Aug, 2026 09:58 PM

चमोली जिले के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा एवं पानी भरने से अंदर कई लोग फंस गए जबकि 13 लोगों को सुरंग से सुरक्षित निकाल लिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने यह जानकारी दी। प्रशासन की ओर से मौके पर बचाव अभियान शुरू किया गया है।
गोपेश्वरः चमोली जिले के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा एवं पानी भरने से अंदर कई लोग फंस गए जबकि 13 लोगों को सुरंग से सुरक्षित निकाल लिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने यह जानकारी दी। प्रशासन की ओर से मौके पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। यह हादसा बृहस्पतिवार शाम को चमोली जिले के मायापुर-हाट (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ। अधिकारियों के अनुसार, सुरंग में शाम सात बजे के आसपास मलबा एवं पानी भरने की सूचना मिली थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरंग में कार्य कर रहे 18 से 19 लोगों के फंसने की सूचना है। यह निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। जिला प्रशासन के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं।
वहीं, डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस एवं सीआईएसएफ के जवानों द्वारा मौके पर वर्तमान में बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं तथा स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता सुरंग में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इस दिशा में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।