विनफास्ट की “वीएफ एमपीवी 7” भरोसा लाई है…

Edited By Updated: 21 Apr, 2026 05:12 PM

vinfast s vf mpv 7 brings confidence

विनफास्ट ने भारत में अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी “वीएफ एमपीवी 7” को ₹24.49 लाख में लॉन्च किया है। यह गाड़ी उन ग्राहकों के लिए बनाई गई है, जिन्हें एक ऐसी फैमिली कार चाहिए जो इलेक्ट्रिक भी हो और प्रैक्टिकल भी। यानी थर्ड रो सिर्फ नाम की न हो,...

पीयूष पंजाबी: विनफास्ट ने भारत में अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी “वीएफ एमपीवी 7” को ₹24.49 लाख में लॉन्च किया है। यह गाड़ी उन ग्राहकों के लिए बनाई गई है, जिन्हें एक ऐसी फैमिली कार चाहिए जो इलेक्ट्रिक भी हो और प्रैक्टिकल भी। यानी थर्ड रो सिर्फ नाम की न हो, बल्कि उसमें एडल्ट्स भी आराम से बैठ सकें, साथ ही रेंज भी अच्छी हो। …और यही इस एमपीवी की सबसे बड़ी खासियत है।

इसमें 60.13 किलोवाट आवर का बैटरी पैक दिया गया है, जिसकी दावा की गई रेंज 517 किमी है। साथ ही 80 किलोवाट डीसी फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है, जिससे बैटरी 30 मिनट में 10 से 70 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है। परफॉर्मेंस भी ठीक-ठाक है। 204 पीएस की पावर और 280 एनएम का टॉर्क लेकिन गाड़ी की असली ताकत इसका केबिन स्पेस है। लंबे व्हीलबेस की वजह से तीनों रो में अच्छी जगह मिलती है और सीटिंग लेआउट ऐसा है कि कहीं घुटन महसूस नहीं होती। तीसरी रो को भी सही मायनों में उपयोगी बनाया गया है, जहां एडल्ट्स आराम से बैठ सकते हैं। रही बात डिजाइन की तो गाड़ी में सादगी को प्राथमिकता दी गई है। क्लीन लाइन्स, कनेक्टेड लाइट्स और संतुलित स्टाइल इसे मॉडर्न बनाते हैं और ओवरडिजाइन होने से भी बचाते हैं।

PunjabKesari


हालांकि, तय की गई कीमत के हिसाब से कुछ कमियां भी नजर आती हैं। इस सेगमेंट की गाड़ियों में सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जिंग, एडास, वेंटिलेटेड और इलेक्ट्रिक सीट्स, रियर आर्मरेस्ट और रेन सेंसिंग वाइपर्स जैसे फीचर्स आम हो रहे हैं लेकिन वीएफ एमपीवी 7 में ये सब नहीं मिलते। यह कमी आपको खलेगी। ऐसे में कंपनी इस कमी की भरपाई भरोसे के पैकेज से करने की कोशिश कर रही है। 7 साल की व्हीकल वारंटी, 10 साल की बैटरी वारंटी और 7 साल की फ्री रोडसाइड असिस्टेंस दी जा रही है। इसके साथ 3 साल का फ्री मेंटेनेंस और 31 मार्च 2029 तक फ्री चार्जिंग भी शामिल है। साथ ही 75% तक अश्योर्ड बायबैक और आइस से ईवी में शिफ्ट करने वालों के लिए खास बेनिफिट्स भी भरपाई करते नजर आ रहे हैं।

वीएफ एमपीवी 7 फीचर्स से ज्यादा “समझदारी” बेचती है, जहां दिखावे से पहले जरूरत को रखा गया है।

 

विनफास्ट के लिए यह लॉन्च सिर्फ एक नई गाड़ी नहीं, बल्कि भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने की शुरुआत है। कंपनी धीरे-धीरे अपना पोर्टफोलियो बढ़ा रही है और लोकल मैन्युफैक्चरिंग व नेटवर्क पर भी काम कर रही है। दरअसल वियतनाम का विनग्रुप भारत को लेकर काफी आक्रामक है। विनफ़ास्ट के ज़रिए इनका प्लान सिर्फ कार बेचने का नहीं है। इलेक्ट्रिक स्कूटर, बसें, चार्जिंग नेटवर्क, सोलर पावर, टूरिज्म प्रोजेक्ट, स्मार्ट सिटीज, स्कूल और हॉस्पिटल तक लाने की तैयारी है। यहां तक कि इलेक्ट्रिक टैक्सी और फ्लीट सॉल्यूशंस भी लाने की योजना है और यक़ीन मानिए यह ग्रुप इस सब में माहिर है और इनकी जितनी तारीफ़ की जाए उतनी कम है। इस बात का अंदाज़ा आप इनके वियतनाम में खड़े किए गए पूरे इकोसिस्टम से लगा सकते हैं। भारत में भी मकसद पूरा ईवी इकोसिस्टम खड़ा करना है, जिसकी शुरुआत तेलंगाना से होगी।
 

PunjabKesari
खैर वीएफ एमपीवी 7 की बात करें, तो यह एक ऐसी इलेक्ट्रिक एमपीवी है जो दिखावे से ज्यादा प्रैक्टिकैलिटी पर ध्यान देती है। यह उन ग्राहकों के लिए सही विकल्प है, जो स्पेस, रेंज और आरामदायक ड्राइविंग और वारंटी को प्राथमिकता देते हैं। फीचर्स उनके लिए सेकेंडरी हैं। क्या गाड़ी में सिर्फ स्पेस और वारंटी ही काफी है? यह आपको तय करना है।

जहां तक बिक्री का सवाल है, तो विनफास्ट ने इसके लिए मजबूत प्लान बनाया है। इससे पहले वीएफ6 और वीएफ7 को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और इनकी बिक्री ने कई ब्रांड्स की ईवीज़ को टक्कर दी है। ऐसे में VF MPV 7 से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, देखना अब यह की आख़िर होता क्या है।

और ये भी पढ़े

    Related Story

      img title
      img title

      Be on the top of everything happening around the world.

      Try Premium Service.

      Subscribe Now!