Edited By ,Updated: 01 Oct, 2016 12:52 AM
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग पंजाब ने भारत-पाकिस्तान में तनावपूर्ण माहौल को लेकर एमरजैंसी...
चंडीगढ़/रूपनगर(विजय): स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग पंजाब ने भारत-पाकिस्तान में तनावपूर्ण माहौल को लेकर एमरजैंसी की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के पूरे इंतजाम कर लिए हैं। स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी ने उच्चाधिकारियों से इस संबंध में शुक्रवार को बैठक की। ज्याणी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बार्डर के आसपास स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एमरजैंसी वार्डों में लाइफ सेविंग मैडीसिन्स, स्ट्रेचर, बैड, व्हील चेयर, ट्रॉली, क्लोरीन की गोलियां, मच्छरदानी, ओ.आर.एस. और एम्बुलैंस के प्रबंध किए गए हैं।
मैडीकल व पैरा मैडीकल स्टाफ की टीमों की ड्यूटियां लगाई जा चुकी हैं। स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। ज्याणी ने बताया कि बार्डर एरिया के साथ लगते अमृतसर, फाजिल्का, फिरोजपुर, पठानकोट, गुरदासपुर और तरनतारन के सिविल सर्जनों को निर्देश दिए हैं कि सभी एम्बुलैंस को मुस्तैद रखा जाए। मोबाइल मैडीकल यूनिट के भी सभी रूट रद्द करके इन्हें कैम्पों में तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव ने बताया कि टोल फ्री एमरजैंसी रिस्पांस सॢवस (एम्बुलैंस नंबर) 108 और टोल फ्री मैडीकल हैल्पलाइन नंबर 104 भी एमरजैंसी सेवाओं के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। विनी महाजन ने बताया कि वेयर हाऊस भटिंडा और वेरका को पंजाब में स्वास्थ्य संस्थाओं में प्राथमिकता के साथ दवाइयां पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।