Edited By Punjab Kesari,Updated: 19 Sep, 2017 06:37 PM
बिहार के गया जिले से गिरफ्तार अहमदाबाद बम ब्लास्ट कांड के आतंकवादी आरोपी तौसीफ के साथ गिरफ्तार अन्य दो लोगों ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है।
गयाः बिहार के गया जिले से गिरफ्तार अहमदाबाद बम ब्लास्ट कांड के आतंकवादी आरोपी तौसीफ के साथ गिरफ्तार अन्य दो लोगों ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। उनके द्वारा किए गए खुलासे से पुलिस प्रशासन चौंक गया है। दोनों आरोपियों ने बताया कि तौसीफ की मदद राष्ट्रीय स्तर के एक राजनेता करते थे।
जानकारी के अनुसार, एजेंसियां तौसीफ से अभी तक कुछ खास जानकारी नहीं निकाल पाई हैं, लेकिन उसके साथी सरवर और सन्ने ने यह अहम् जानकारी पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर का राजनेता ही उनकी आर्थिक सहायता करता था। गुजरात, मध्यप्रदेश, बिहार और उत्तरप्रदेश एटीएस के अलावा आइबी और आर्मी विजिलेंस भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार अदालत से तीनों की रिमांड अवधि बढ़ाने का आग्रह किया जाएगा।
बता दें कि तौसीफ को गया में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब एक कैफे संचालक ने शक होने पर पुलिस को सूचना दी थी। इसके साथ मो. गुलाम सरवर और सन्ने खां को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।