Edited By Punjab Kesari,Updated: 05 Sep, 2017 10:03 AM
भारतीय रेल मुसाफिरों को नई सुविधाएं देने के काम में जुटी है। ऐसे में सेंट्रल रेलवे जल्द...
नई दिल्लीः भारतीय रेल मुसाफिरों को नई सुविधाएं देने के काम में जुटी है। ऐसे में सेंट्रल रेलवे जल्द ही विस्टाडोम कोच के जरिए नई सुविधा शुरू करने जा रही है। शीशे की छतवाला विस्टाडोम कोच मुंबई पहुंच गया है। जल्द ही रूट तय करके सेंट्रल रेलवे इसका इस्तेमाल शुरू कर देगा। यह पहला ऐसा कोच है जो खासतौर पर पैसेंजरों को बाहर का खूबसूरत नजारे का अनुभव दिलाने के लिए डिजाइन किया गया है।
ये हैं खासियतें
इस कोच में शीशे की बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं और एक अवलोकन लाउंज है। 3.38 करोड़ रुपए की लागत से बना 40 सीट वाले कोच की खासियत यह है कि इसमें लगी सीटें 360 डिग्री तक घूम सकती हैं। इस कोच की छत पर भी कांच लगा है। इसके दरवाजे स्वत: सरकने वाले हैं। विस्टाडोम कोच वातानुकूलित है और इसे देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शामिल किया जा रहा है।
घुमावदार सीटें
विस्टाडोम कोच की सीटें रोटेटेबल होंगे यानी आप उन्हें अपनी इच्छानुसार घुमा सकेंगे। सीटों का रंग शताब्दी जैसी ट्रेनों के जैसा रखा गया है। कोच के भीतर एल.ई.डी. लाइट्स रोशनी करेंगी। विस्टाडोम कोचेज में मनोरंजन का भी इंतजाम होगा। इसमें जी.पी.एस. आधारित इंफो सिस्टम लगे हैं। इस कोच से यात्रियों को प्रकृति के सौंदर्य देखने को मिलेंगे।