Edited By ,Updated: 18 Apr, 2017 02:34 PM
सोमवार को एंबी वैली अचानक उस वक्त चर्चा में आ गई जब सुप्रीम कोर्ट ने सहारा की इस प्रापर्टी को नीलाम करने का सख्त आदेश सुनाया।
नई दिल्लीः सोमवार को एंबी वैली अचानक उस वक्त चर्चा में आ गई जब सुप्रीम कोर्ट ने सहारा की इस प्रापर्टी को नीलाम करने का सख्त आदेश सुनाया। सहारा को निवेशकों के हजारों करोड़ रुपए लौटाने हैं, लेकिन वह अभी तक ऐसा करने में नाकाम रहा है। इसी पैसों की रिकवरी के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एंबी वैली को नीलाम करने का आदेश दिया है। एंबी वैली देश की पहली लग्जरी प्लांड हिल सिटी है। जानें सहारा की एंबी वैली से जुड़ी कुछ खास बातें-
कहां स्थित है एंबी वैली
एंबी वैली अपनी खूबसूरती के लिए दुनिया भर में मशहूर है। बताया जाता है कि एंबी वैली सिटी सहारा इंडिया परिवार के मुखिया सुब्रत रॉय सहारा का ड्रीम प्रॉजैक्ट है। उन्होंने इस पर बेहिसाब धन खर्च किया। वर्ष 2003 में इस टाउनशिप की कल्पना की गई और बनाने का काम शुरू हुआ। इस सिटी का दीदार करने के लिए दुनिया भर से लोग आते हैं। मुंबई से 120 कि.मी. दूर लोनावाला के पास मुंबई-पुणे हाईवे पर पहाड़ियों के बीच बसा यह एक हाई-फाई शहर है। मुलसी डेम के पास कुल 10,600 एकड़ में एंबी वैली फैली हुई है। इसके चारों ओर पहाड़ी इलाका है। यह लोनावाला से 23 कि.मी. की दूरी पर है। सहारा ग्रुप का अपना प्राइवेट रनवे भी यहीं पर है।
वैली में मौजूद हैं कई VIP लोगों के बंगले
एंबी वैली सिटी में एक एयरस्ट्रिप भी है, जहां छोटे जहाज उतर सकते हैं। यह एयरस्ट्रिप मुंबई से जुड़ा हुआ है। एंबी वैली की असली खूबसूरती यहां का प्राकृतिक सौंदर्य है। वैली में लग्जरी बंगलों के अलावा गोल्फ कोर्स, स्पैनिश कॉटेज, इंटरनैशनल स्कूल, प्ले ग्राउंड और फॉर्च्युन फाउंटेन है। यहां कई वी.आई.पी. लोगों के बंगले हैं, जो प्राइवेट जेट रखते हैं। एंबी वैली में वॉटर स्पोर्ट्स के अलावा अडवेंचर स्पोर्ट्स के इवेंट्स भी होते हैं। इसके अलावा स्काई डाइविंग जैसी फसिलिटी भी यहां दी जाती है। मनोरंजन के लिए यहां ढेर सारी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। अक्सर यहां बड़े इवेंट्स आयोजित होते हैं।
विला में मिलेंगी ये सुविधाएं
मावी इनफिटी विला में आपको कई बेडरूम, तमाम लग्जरी के साथ दो हिस्सों में शानदार इमारत मिलेगी। पूरा परिसर आपका होगा। ऊपरी हिस्से से झील की सुंदरता दिखती है तो नीचे के हिस्से में सारी सुविधाओं के साथ आधुनिक किचन भी मिलेगा। विला के अंदर और बाहर आरामदायक फर्नीचर दिया गया हैं, जहां आप अपनी मर्जी की जगह पर आराम कर सकते हैं। यहां पर सभी बेडरूम में डेक है, जहां आप शांति से समय गुजार सकते हैं। ब्रेक फास्ट से लेकर डिनर तक की व्यवस्था है, लेकिन अगर आप अपने मन का कुछ बनवाना चाहते हैं तो कुक को किराए पर लिया जा सकता है।
इनविटेशन है जरूरी
वैली में एक दिन रुकने के लिए आपको 50 हजार रुपए खर्च करना होगा। ऐसा नहीं है कि यहां रुकने के सिर्फ महंगे विकल्प ही हैं। सस्ते विकल्प भी हैं, लेकिन इनकी बुकिंग पहले से कराई जा सकती है। हालांकि लोगों के पास इसके लिए एंबी वैली सिटी का पहले से इनविटेशन होना जरूरी होता है।