Edited By ,Updated: 03 Feb, 2015 07:18 PM
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था लागू करने में पूरी तरह विफल रही है व इस समय प्रदेश में गुंडातत्व व माफिया का राज...
ज्वालामुखी: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था लागू करने में पूरी तरह विफल रही है व इस समय प्रदेश में गुंडातत्व व माफिया का राज चल रहा है जो राजधानी सहित प्रदेश के हर कोने में बेधड़क अराजकता फैला रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भारी बारिश के बावजूद ज्वालामुखी बस स्टैंड में लोगों के हुजूम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर प्रदेश में सक्रिय विभिन्न माफिया प्रदेश को खोखला कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नकारे हुए नेताओं को चेयरमैन बनाकर प्रदेश पर आर्थिक बोझ लाद कर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को खोखला करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजाना चोरियां, बलात्कार व अन्य अपराध अखबारों की सुर्खियों में बने हुए हैं जो प्रदेश सरकार की 2 वर्ष की उपलब्धियों का बखान कर रहे हैं।
धूमल ने राजधानी शिमला में भाजपा कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को सुनियोजित बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि अगर राजधानी में ही कानून व्यवस्था का यह हाल है तो अन्य जगहों पर इसका अंदाजा लगाना कठिन नहीं है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ज्वालामुखी में रैली निकाल प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था को लेकर वीरभद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदेश सरकार के विरुद्ध तब तक संघर्ष करने की चेतावनी दी जब तक वे कांगे्रस सरकार को सत्ता से न उखाड़ फैंकें।