Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Sep, 2017 01:54 PM
अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब उसकी ''स्वीकार्यता दर''...
वॉशिंगटन: अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब उसकी 'स्वीकार्यता दर' में इतनी गिरावट दर्ज की गई है।
जानकारी मुताबिक, सीएनएन के एक सर्वे में ये बात सामने आई है कि अमरीका में भले ही रिपब्लिकन पार्टी की सरकार हो और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मगर पार्टी के साथ उनकी अपनी स्वीकार्यता में काफी गिरावट आई है। सिर्फ रिपब्लिकन पार्टी की स्वीकार्यता में ही कमी नहीं आई, बल्कि उसके नेतृत्व पर भी लोगों का भरोसा कम हो गया है।
सीएनएन ने यह सर्वे 17 से 20 सितंबर के बीच 1053 युवाओं पर किया। सर्वे में ये बात भी सामने आई है कि रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपने एकमात्र नेता के रूप में देखते हैं। वहीं डैमोक्रेट्स की बात की जाए तो वहां सबसे लोकप्रिय पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा हैं, जिन्हें 18 प्रतिशत डैमोक्रेट ने अपनी पहली पसंद बताया है।
सर्वे के मुताबिक,10 में से केवल 3 अमरीकियों ने ही पार्टी के पक्ष में अपना समर्थन जताया है। सर्वे के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व की लोकप्रियता में 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। सर्वे के अनुसार,10 अमरीकियों में से लगभग 6 यानी 59 प्रतिशत लोग दोनों पार्टियों से असंतुष्ट हैं। वहीं केवल 23 प्रतिशत लोगों ने कहा है कि वो केवल एक पार्टी से नाराज हैं। इससे पहले अक्टूबर 2013 में पार्टी की सबसे कम लोकप्रियता दर्ज की गई थी। उस समय पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के स्वास्थ्य देखभाल कानून का विरोध करने पर उसकी स्वीकार्यता कम हुई थी। दिसंबर 1998 में प्रतिनिधि सभा की ओर से पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के खिलाफ महाभियोग के लिए दो अनुच्छेदों को मंजूरी देने के कारण भी रिपब्लिकन पार्टी की स्वीकार्यता घटी थी।