Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Sep, 2017 03:17 PM
उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर (कुपवाड़ा) में घुसपैठ का प्रयास नाकाम बनाते हुए सेना के तीन जवान घायल हो गए।
श्रीनगर: उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर (कुपवाड़ा) में घुसपैठ का प्रयास नाकाम बनाते हुए सेना के तीन जवान घायल हो गए। इस बीच सेना ने एल.ओ.सी. से सटे सभी अग्रिम इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार केरन सेक्टर में एलओसी पर ख्वाजा बालिखी चौकी के इलाके में गश्त कर रहे सेना की 16 मद्रास रेजिमेंट के जवानों ने शाम करीब चार बजे घुसपैठियों के एक दल को भारतीय सीमा में घुसपैठ करने का प्रयास करते देखा।
जवानों ने आसपास की चौकियों को सचेत करते हुए घुसपैठियों को ललकारा। घुसपैठिये वापस गुलाम कश्मीर की तरफ दौड़े। इस दौरान उन्होंने जवानों पर राइफल ग्रेनेड दागने के अलावा स्वचालित हथियारों से फायरिंग भी की। इसमें तीन जवान घायल हो गए। अन्य जवानों ने जवाबी फायर किया। लेकिन घुसपैठिये सुरक्षित गुलाम कश्मीर की तरफ भागने में कामयाब रहे। घायल जवानों की पहचान एच.बी स्वामी, यैंकीवाली वाला सुब्रह्माणयम और के महेश के रूप में हुई है। तीनों को निकटवर्ती अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इसी बीच एलओसी पर गश्त कर रहे 16 मद्रास रेजिमेंट के तीन जवान एक बारूदी सुरंग की चपेट में आ गए। इससे हुए धमाके में तीनों जवान घायल हो गए।