Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Jul, 2017 02:54 PM
बिहार के गया जिले में बारात रवाना होने से कुछ घंटे पहले दूल्हे का अपहरण होने का मामला सामने आया है। दूल्हे के परिजनों ने होने वाली दुल्हन के प्रेमी पर अपहरण करने का आरोप लगाया है।
गयाः बिहार के गया जिले में बारात रवाना होने से कुछ घंटे पहले दूल्हे का अपहरण होने का मामला सामने आया है। दूल्हे के परिजनों ने होने वाली दुल्हन के प्रेमी पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना बिहार के गया जिले के रौशनगंज थाना के नोकादिह गांव की है।
पप्पू कुमार की शादी कुछ दिन पहले ही सिरसा गांव की काजल कुमारी से तय हुई थी। बारात जाने से ठीक पहले दूल्हे को अगवा कर लिया गया। पप्पू को सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पास के गांव पनाही में बुलाया। पप्पू वहां एक साथी के साथ पहुंचा। बाइक पर दो युवक आए और हथियार का डर दिखाकर पप्पू को अगवा कर ले गए। पप्पू के साथी ने घर आकर सारी बात बताई।
पप्पू के परिजनों ने इस घटना का आरोप दुल्हन पर लगाते हुए कहा है कि काजल का अपने गांव के एक लड़के से प्रेम संबंध था। पप्पू को अपनी होने वाली पत्नी की प्रेम कहानी का पता था। इसके बाद भी वह शादी करना चाहता था। पप्पू के पिता वीरेंद्र प्रसाद ने रौशनगंज थाने में अपहरण की एफ.आई.आर. दर्ज कराई है। रौशनगंज थाना प्रभारी अमरदीप कुमार ने बताया कि पप्पू के फोन का कॉल रिकॉर्ड निकाला गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।