Edited By ,Updated: 06 Nov, 2016 08:33 AM
प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने सिंगापुर में पहली बार एशियन चैंपियंस महिला हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई ...
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने सिंगापुर में पहली बार एशियन चैंपियंस महिला हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी है। मोदी ने महिला टीम को बधाई देते हुए कहा कि महिला टीम को एशियन चैंपियंस ट्राफी का खिताब जीतने पर बहुत बहुत बधाई। यह देश में खेल प्रशंसकों के लिए एक गौरवशाली क्षण है। हमें इस पर गर्व है। प्रधानमंत्री के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने भी महिला टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
भारतीय महिला टीम ने पहली बार एशियाई चैंपियन्स ट्राफी जीती
दीपिका ठाकुर के आखिरी मिनट में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत भारतीय महिला हाकी टीम ने आज यहां रोमांचक फाइनल में चीन को 2-1 से पराजित करके पहली बार महिला एशिया चैंपियन्स ट्राफी का खिताब जीता। दीपिका ने 60वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर रिबाउंड से गोल करके अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। इससे पहले भारत को दीप ग्रेस एक्का (13वें मिनट) में पेनल्टी कार्नर पर गोल करके बढ़त दिलाई थी जबकि चीन के लिये झोंग मेंगलिंग ने 44वें मिनट में बराबरी का गोल किया था।
इस जीत से भारत ने चीन के हाथों कल आखिरी लीग मैच में मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। महिला टीम से पहले पुरूष टीम ने क्वांटन में पाकिस्तान को हराकर पुरूष वर्ग में यह महाद्वीपीय खिताब जीता था। भारत इससे पहले महिला एशियाई चैंपियन्स ट्राफी में 2013 में जापान के बाद उप विजेता रहा था जबकि 2010 में पहले टूर्नामेंट मेें उसे तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। भारत ने लीग चरण की हार से सबक लेकर चीन को गेंद पर नियंत्रण नहीं बनाने दिया और अक्सर गेंद छीनकर उनकी लय बिगाड़ी तथा लगातार उस पर दबाव बनाये रखा।
दूसरी तरफ उन्होंने समय समय पर बहुत सतर्कता से गेंद चीन के बाक्स तक पहुंचाई। कल की तुलना में पूरी तरह से भिन्न रवैया अपनाने के कारण टीम को 13वें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर मिला। दीप ने बहुत खूबसूरती से इसे चीनी गोलकीपर के पास गोल में भेजकर टीम को शुरूआती बढ़त दिलाई।